छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhattisgarh top news: छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 52 किलो चांदी और 3.39 लाख कैश बरामद

Chhattisgarh top news। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध और संदिग्ध रूप से चांदी का परिवहन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कार से 52 किलो 528 ग्राम चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और 6 चांदी जैसी सिल्लियां बरामद की हैं। इसके साथ ही 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नगद भी मिले हैं। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने नकदी और परिवहन में इस्तेमाल की गई कार समेत कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

 

 

 

जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध तस्करी, संदिग्ध नगदी और बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिले के सीमावर्ती नाकों और चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 26 नवंबर 2026 को बसना थाना पुलिस की टीम अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पलसापाली नाका पर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।

 

Read more SBI: SBI ने जारी किया अलर्ट; कल आस्थायी रूप से बंद रहेंगी UPI और ATM समेत कई सेवाएं, जानें डिटेल

कार से मिले चांदी के आभूषण और नगदी

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार (क्रमांक CG 23Q 9222) को रोककर तलाशी ली। कार में उमेश कंसारी (निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर) और रोशन कुमार साहू (निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद) सवार थे।

 

 

तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीट पर रखे छह काले रंग के बैग मिले। बैगों की जांच करने पर प्लास्टिक के डिब्बों में रखे विभिन्न प्रकार के चांदी के आभूषण, पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट, करधन, चांदी जैसे बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां बरामद हुईं। इसके अलावा 3,39,800 रुपये नगद भी मिले।

 

 

पुलिस ने कार सवार दोनों व्यक्तियों से बरामद चांदी और नकदी के वैध स्वामित्व, क्रय-विक्रय के पक्के GST बिल, ई-वे बिल और परिवहन संबंधी दस्तावेज मांगे। हालांकि, वे कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद चोरी अथवा अवैध परिवहन की संपत्ति होने के संदेह में थाना बसना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां, सिल्लियां, नकदी और परिवहन में इस्तेमाल की गई कार को विधिवत सीलबंद कर जब्त कर लिया।

 

पुलिस ने चांदी के आभूषण, बर्तन और मूर्तियों के संबंध में BNSS की धारा 94 के तहत नोटिस भी तामील कराया। संबंधित व्यक्तियों ने लिखित में बताया कि उनके पास कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। इसके बाद पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए मामले की सूचना छत्तीसगढ़ के GST आयुक्त को भेज दी है।

 

जब्त संपत्ति का विवरण

जब्त संपत्ति में 52 किलो 528 ग्राम वजन के चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और 6 सिल्लियां शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 90 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नगद और परिवहन में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार (CG 23Q 9222), जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया है। इस तरह पुलिस ने कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

 

Chhattisgarh top newsयह संपत्ति उमेश कंसारी (45 वर्ष), निवासी गोबरानवापारा, जिला रायपुर और रोशन कुमार साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम बेलटूकरी, थाना राजिम, जिला गरियाबंद के कब्जे से बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

ख़बर शेयर करें:

Back to top button