छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Latest Cg News : सीएम हेल्पलाइन पर एमसीबी जिले का बेहतर प्रदर्शन, 88 प्रतिशत शिकायतों पर कार्रवाई पूरी

Latest Cg News:  एमसीबी/06 नवम्बर 2026

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की दिशा में सीएम हेल्पलाइन महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। जिले में 9 जून 2026 से प्रारंभ हुई इस व्यवस्था के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जिला प्रशासन ने बेहतर प्रदर्शन किया है। 9 जून से 1 नवम्बर 2026 तक सीएम हेल्पलाइन में कुल 3,917 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 3,452 शिकायतों पर कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। यह कुल प्राप्त शिकायतों का 88.1 प्रतिशत है। वहीं 3,109 शिकायतों को पूर्ण रूप से बंद किया गया है, जो कुल शिकायतों का लगभग 79 प्रतिशत है।

समय-सीमा में शिकायतों के निराकरण पर विशेष जोर
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। जिले में 96.1 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया गया है। विशेष रूप से लेवल-3 स्तर पर अधिकारियों ने 99.7 प्रतिशत शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया। इस स्तर पर प्राप्त 1,039 शिकायतों में से केवल तीन प्रकरण ही निर्धारित समय-सीमा से आगे बढ़े।

नागरिकों की संतुष्टि के आधार पर शिकायतों का निराकरण
सीएम हेल्पलाइन की विशेषता यह है कि शिकायतों के निराकरण में केवल विभागीय कार्रवाई ही नहीं, बल्कि संबंधित नागरिक की संतुष्टि को भी महत्व दिया जाता है। शिकायत पर कार्रवाई के बाद नागरिकों से फीडबैक लिया जाता है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है। जिले में प्रथम स्तर पर 1,235 शिकायतें नागरिकों की संतुष्टि के आधार पर बंद की गई हैं। इससे शिकायत निवारण व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता को बढ़ावा मिला है।

बिजली, राशन, आवास और पेयजल की समस्याओं के समाधान में बेहतर परिणाम
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त अधिकांश शिकायतें नागरिकों की दैनिक आवश्यकताओं से जुड़ी रहीं। बिजली ट्रांसफार्मर की मरम्मत से संबंधित 49 शिकायतों में से 47 का समाधान नागरिकों की संतुष्टि के अनुरूप किया गया, जो लगभग 96 प्रतिशत है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की किस्तों से संबंधित 36 शिकायतों में से 32 तथा राशन कार्ड में नाम जोड़ने या हटाने संबंधी 27 शिकायतों में से 24 का संतोषजनक निराकरण किया गया। दोनों श्रेणियों में नागरिक संतुष्टि का स्तर लगभग 89 प्रतिशत रहा।
इसी प्रकार कम-ज्यादा वोल्टेज एवं बिजली कटौती से संबंधित 69 शिकायतों में से 61 का संतोषजनक समाधान किया गया, जो लगभग 88 प्रतिशत है। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत मजदूरी भुगतान से जुड़ी 29 शिकायतों में से 25 का निराकरण नागरिकों की संतुष्टि के अनुरूप हुआ। वहीं हैंडपंप मरम्मत की 42 शिकायतों में से 35 का संतोषजनक समाधान किया गया। इन श्रेणियों में नागरिक संतुष्टि क्रमशः 86 और 83 प्रतिशत रही।

चार स्तरीय निगरानी व्यवस्था से बढ़ी जवाबदेही
सीएम हेल्पलाइन में शिकायतों के निराकरण के लिए चार स्तरीय व्यवस्था लागू है। प्रथम स्तर पर संबंधित अधिकारी द्वारा शिकायत की जांच एवं निराकरण किया जाता है। निर्धारित समय-सीमा में समाधान नहीं होने अथवा नागरिक के असंतुष्ट रहने पर शिकायत उच्च स्तर के अधिकारी को भेजी जाती है। इस व्यवस्था से शिकायतों की नियमित समीक्षा और जिम्मेदारी तय करने में सहायता मिल रही है। जिले में अधिकांश शिकायतों का समाधान प्रारंभिक स्तरों पर ही हो रहा है। प्रथम स्तर की तुलना में सर्वाेच्च स्तर तक पहुंचने वाली शिकायतों की संख्या लगभग 84 प्रतिशत कम रही है।

जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बनी सीएम हेल्पलाइन
नवगठित मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों का समयबद्ध निराकरण प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। शिकायतों की नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय और नागरिकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण हो तथा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सरलता और सुगमता से प्राप्त हो सके।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button