महाधिवेशन का बड़ा फैसला! झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बने CM हेमंत सोरेन, पिता शिबू सोरेन को चुना गया संस्थापक संरक्षक

Jharkhand News: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 13वें महाधिवेशन में शिबू सोरेन को JMM का ‘संस्थापक संरक्षक’ सर्वसम्मति से पार्टी का नया अध्यक्ष चुना गया है। बता दें कि यह महाधिवेशन राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में हुआ। जहाँ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन JMM के नए अध्यक्ष चुने गए।

पूरे देश में करेंगे झामुमो का विस्तार, पार्टी में महिलाओं को पूरी भागीदारी
हेमंत सोरेन ने कहा कि झामुमो का पूरे देश में विस्तार करेंगे। यह तब होगा, जब एक-एक कार्यकर्ता और उनका पूरा परिवार पूरी ईमानदारी व लगन से पार्टी के प्रति समर्पित होगा। हर वर्ग के विकास के लिए नई ऊर्जा के साथ पार्टी काम करेगी और राज्य का सर्वांगीण विकास करेंगे।
राज्य और देश का विकास तभी हो सकता है, जब पुरुषों के बराबर महिलाओं को भी भागीदारी मिले। झामुमो में पंचायत, प्रखंड, जिला समितियों में महिलाओं को ना सिर्फ प्रमुख बनाया जाएगा बल्कि उनको कंधे से कंधा मिलाकर चलने का हर मौका मिलेगा। महिलाएं भी पंचायत, प्रखंड और जिला अध्यक्ष बन सकेंगी।
पुरुष और महिलाओं में लैंगिक के अलावा कोई अंतर नहीं है। झामुमो में महिलाओं को अधिक से अधिक जोड़ा जाएगा। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए झामुमो कार्यकर्ताओं को भी पूरी ईमानदारी से जुटना होगा। चुनौती नेताओं से अधिक कार्यकर्ताओं के कुशल नेतृत्व के सामने होगी। योजना गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। इससे पार्टी को मजबूती मिलेगी।
आंदोलनकारी की मृत्यु पर पार्टी देगी एक लाख मुआवजा
हेमत सोरेन ने कहा कि हमारे बुजुर्गों की पीढ़ी ने अलग राज्य के लिए संघर्ष किया है। अलग-अलग कोने में खून-पसीना बहाया है। झामुमो से जुड़े रहे आंदोलनकारी की मृत्यु की सूचना मिलती है तो पार्टी उनके परिवार को एक लाख रुपये की सहायता प्रदान करेगी। कार्यकर्ता इसकी सूचना दें। पार्टी की तरफ से उनके परिवार की मदद करेंगे।
उन्होंने कहा कि झामुमो एक पार्टी नहीं, जन-जन की सोच और विचार है। झारखंड के लोगों ने इस विचार को अपने गले से लगाया है। इन विचारों को राज्य के हर घर में बसाना है। पहले हमने अलग राज्य लिया। इसे अब सजाना और संवारना है। झारखंड के लोग सीधे और सरल हैं। कभी सरकार बनाकर, कभी बिचौलियों और व्यापारियों ने झारखंड के लोगों को छला और उनका हक मारकर दोहन किया है।
**CM का लक्ष्य निर्धारित**
हेमंत सोरेन ने 2029 में झामुमो की जीत का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की गलतियों पर आवाज उठाने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। सोरेन ने आंदोलनकारियों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने और महिलाओं को पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका देने की भी बात कही।



