Election news: देश के 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आज, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे – RGH NEWS
देश

Election news: देश के 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव आज, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

Election news देश के तीन राज्यों की तीन अहम विधानसभा सीटों पर आज यानी 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इनमें बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मांजलपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। बिहार की बांकीपुर में बीजेपी, जनसुराज और आरजेडी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंजालपुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच टक्कर है। इन सीटों के चुनावी नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

 

बता दें कि बिहार की बांकीपुर सीट पिछले विधायक नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई है, जिसके बाद यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। वहीं, मध्य प्रदेश के दतिया सीट पर उपचुनाव का कारण यहां के पिछले विधायक की विधानसभा सदस्यता समाप्त होना है। जबकि गुजरात के मांजलपुर सीट पर उपचुनाव वरिष्ठ बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के कारण हो रहा है।

 

तीनों सीटों पर हो रहे मतदान से जुड़े हर अपडेट्स यहां पढ़ें-

 

अहंकारी बीजेपी सरकार का अहंकार तोड़ें: घनश्याम सिंह

दतिया में जारी मतदान के बीच कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने बयान देते हुए कहा, “मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर निकलें, वोट दें और कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करें। अहंकारी बीजेपी सरकार का अहंकार तोड़ें।” इसके अलावा, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी के आरोपों पर उन्होंने कहा, “बीजेपी सरकार की पूरी कैबिनेट यहां डेरा डाले हुए थी। उन्होंने बाहर से भी कई लोगों को यहां बुलाया था। हमारे लोग 28 तारीख की शाम को यहां से चले गए थे, लेकिन दतिया जिले की सीमा पर सभी वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर बीजेपी का कोई वरिष्ठ नेता यहां रुकता है या उसे यहां से नहीं हटाया जाता है, तो हम भी यहां आ जाएंगे।”

 

“NDA की जीत तय”, राजीव रंजन ने PK के आरोपों को बताया मनगढ़ंत

जेडीयू नेता राजीव रंजन ने कहा, “बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी और एनडीए के पक्ष में एक लहर है। बिहार में एनडीए को 200 से अधिक सीटें जीते हुए अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। नितिन नवीन इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और बीजेपी ने इस क्षेत्र को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा प्रतिनिधित्व किए जाने का गौरव प्रदान किया है। व्यापक जनसंपर्क से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता मजबूती के साथ एनडीए के पक्ष में है। नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित है।” वहीं, ‘जन सुराज’ के संस्थापक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह से मतदाताओं को गुमराह करने के लिए चुनाव को एक अलग दिशा में मोड़ने का प्रयास है। प्रशांत किशोर नामांकन दाखिल करने के बाद से ही इस तरह की अजीब हरकतें कर रहे हैं। जहां सभी को आदर्श आचार संहिता का पालन करना चाहिए, वहीं प्रशांत किशोर ने पहले दिन से ही झूठे और मनगढ़ंत आरोपों के जरिए अपने राजनीतिक कद को बढ़ाने का प्रयास किया है, या यों कहें कि असफल कोशिश की है।”

 

दतिया में 291 मतदाता केंद्रों पर वोटिंग

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के 291 मतदाता केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 410 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें एक लाख 16 हजार 116 पुरुष, एक लाख 4 हजार 284 महिला एवं अन्य 10 शामिल हैं।

 

 

बीजेपी शानदार जीत की ओर बढ़ रही: सांसद विवेक ठाकुर

बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने कहा, “बांकीपुर में बीजेपी शानदार जीत की ओर बढ़ रही है। लोगों में उत्साह है। कल बिल पास होने के बाद, देश भर के युवा एक बार फिर उसी तरह एकजुट हो गए हैं, जैसे वे हमेशा से बीजेपी के पक्ष में रहे हैं

 

मांजलपुर में वोटिंग शुरू

गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है।

 

 

मंजलपुर सीट पर बीजेपी का रहा है दबदबा

गुजरात की मंजलपुर सीट 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई। इस सीट पर हमेशा से बीजेपी का दबदबा रहा है। वडोदरा जिले के अंतर्गत आने वाली इस सीट पर बीजेपी के दिवंगत नेता योगेश पटेल ने 2012, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की थी।

 

 

पिछले चुनाव में दतिया से नरोत्तम मिश्रा को मिली थी हार

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर 2008 से 2018 तक बीजेपी ने लगातार तीन बार जीत दर्ज की। हालांकि, हर चुनाव के साथ कांग्रेस का वोट प्रतिशत बढ़ता गया। 2018 में मुकाबला बेहद कांटे का रहा और 2023 में कांग्रेस ने बीजेपी का विजय अभियान रोक दिया। 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर कांग्रेस ने बाजी मारी थी। कांग्रेस के उम्मीदवार राजेंद्र भारती ने बीजेपी के कद्दावर नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।

 

Read moreRashifal For Today : सावन के पहले दिन इन चार राशि वालों को मिलेगा बड़ा लाभ, पढ़े 12 राशियों का राशिफल!

 

दतिया में क्यों हो रहा है उपचुनाव?

मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को धोखाधड़ी के एक मामले में दिल्ली की एक अदालत ने तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी। इसके बाद अप्रैल में उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई थी।

 

बांकीपुर सीट पर क्यों हो रहा उपचुनाव?

Election newsबिहार की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव इसलिए हो रहा है, क्योंकि यहां के विधायक नितिन नवीन जो अब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, अप्रैल में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। इसकी वजह से यह सीट खाली हो गई थी।

Related Articles

Back to top button