Chhattisgarh top news: छत्तीसगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई; केलों की आड़ में हो रही थी गांजा तस्करी, 4.5 करोड़ का गांजा जब्त

Chhattisgarh top news छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस की ओर से अवैध मादक पदार्थों के व्यापार को जड़ से खत्म करने के लिए ‘सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक’ मुहिम चलाई जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बसना पुलिस ने 4.5 करोड़ रुपये के गांजा तस्करी सिंडिकेट के मुख्य सरगना और नशा माफिया विनय शर्मा उर्फ पंडित जी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है।
केलों की आड़ में हो रही थी तस्करी
दरअसल, बसना पुलिस ने 17 अप्रैल को पलसापाली बैरियर पर नाकाबंदी कर एक आयशर माल वाहक वाहन (AP 39 TT 4556) को रोका था। पुलिस को चकमा देने के लिए वाहन में कच्चे केलों के नीचे छिपाकर 29 प्लास्टिक बोरियों में 912.760 किलो अवैध गांजा रखा गया था, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई थी। मौके से पुलिस ने 4 फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद की थी। यह खेप ओडिशा के कंधमाल से लोड होकर उत्तर प्रदेश के शामली में आरोपी विनय शर्मा के पास पहुंचाई जा रही थी।
तकनीकी विश्लेषण से खुला मास्टरमाइंड का राज
मामले की विवेचना के दौरान पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और आरोपी रामजी ठाकुर के मोबाइल के जांच में यह साफ हो गया कि इस पूरे काले कारोबार का मुख्य रिसीवर और फायनेंसर विनय शर्मा ही है। इसके बाद बसना थाना से एक विशेष पुलिस टीम उत्तर प्रदेश भेजी गई, जिसने 17 जून को आरोपी को धर दबोचा।
शामली का रहने वाला आरोपी विनय शर्मा (50) मूल रूप से शराब, भांग और गांजे के अवैध व्यापार का बड़ा सरगना है। वह कई राज्यों में 10 से अधिक शराब ठेकों की आड़ में इस अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट को ऑपरेट कर रहा था।
मुख्य आरोपी विनय शर्मा को शामली (उत्तर प्रदेश) की माननीय न्यायालय के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत करा लिया गया है। बसना पुलिस की टीम आरोपी को महासमुंद ला रही है, जिससे पूछताछ में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
पुलिस की गिरफ्त में आया पूरा सिंडिकेट
Chhattisgarh top newsमहासमुंद पुलिस इस मामले में ‘एंड-टू-एंड’ कार्रवाई करते हुए सप्लायर से लेकर खरीदार तक सबको जेल भेज चुकी है-
विनय कुमार शर्मा उर्फ पंडित जी, मुख्य रिसीवर एवं सरगना (यूपी), 17 जून 2026 को हुआ गिरफ्तार
अब्दुल नईम (निवासी झारखंड), कैरियर/वाहन चालक, 17 अप्रैल 2026 को हुआ था गिरफ्तार
राम कुमार सिंह उर्फ रामजी ठाकुर, मुख्य बिचौलिया (मिडिलमैन), 24 अप्रैल 2026 को हुआ था गिरफ्तार
रमाकांत बेहरा (निवासी कंधमाल, ओडिशा), मुख्य गांजा सप्लायर, 24 अप्रैल 2026 को हुआ था गिरफ्तार
बबूल नायक (निवासी कंधमाल, ओडिशा), मुख्य गांजा सप्लायर, 14 मई 2026 को हुआ था गिरफ्तार
अब तक की कुल जब्ती
912.760 किलोग्राम अवैध गांजा
एक आयशर प्रो 2059 माल वाहक गाड़ी (AP 39 TT 4556)
04 फर्जी नंबर प्लेट्स



