छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhatisgarh News : विशेष लेख : नक्सल उन्मूलन के बाद कांकेर जिले में विकास की नई राह खोल रहे वृहद पुल निर्माण कार्य

Chhatisgarh News :  उत्तर बस्तर कांकेर 16 नवम्बर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरूण साव के के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा आकांक्षी जिला कांकेर के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए वृहद पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। जिला प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग कांकेर के समन्वित प्रयासों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई राह खुल रही है। पिछले तीन वर्षों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण पूर्ण किया गया है। वहीं नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद पुल निर्माण कार्यों में और तेजी आई है।
जिले के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी पर 20 करोड़ रुपये, मेढ़की नदी पर 12 करोड़ रुपये एवं महला नदी पर 06 करोड़ 50 लाख रूपये की लागत से पुलों का निर्माण किया गया है। इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढ़की नदी पर 09 करोड़ 86 लाख रूपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल बनाया गया है। इन पुलों के निर्माण ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ विकास कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनके निर्माण से जिले के लगभग 210 गांवों की 01 लाख 68 हजार आबादी को ब्लॉक, तहसील एवं जिला मुख्यालय से बारहमासी संपर्क की सुविधा मिली है।
पिछले कुछ महीनों में 61 करोड़ के 09 पुलों का निर्माण पूर्ण
नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद जिले में वृहद पुल निर्माण कार्यों में तेजी आई है। विगत कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 09 उच्चस्तरीय पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 07 करोड 46 लाख़ रुपये की लागत से पुल निर्माण, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 04 करोड़ 58 लाख रुपये एवं टुरी नदी पर 04 करोड 50 लाख रूपए तथा कापसी (पी.वी.-130)-पखांजूर मार्ग में त्रास नाला पर 06 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल शामिल हैं। इन पुलों के निर्माण से जिले के 80 गांवों की लगभग 56 हजार आबादी को वर्षभर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हुई है। इन पुलों के पूर्ण हो जाने से क्षेत्रवासियों को उच्च शिक्षा, व्यापार, उन्नत कृषि, पर्यटन गतिविधियां, सामाजिक सांस्कृतिक संपर्क, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं एवं शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंच आसान हो गया है।
महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा सुगम
नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद नारायणपुर माड़ क्षेत्र सहित कांकेर जिले के सुदूर अंचलों में विकास और अंतरराज्यीय संपर्क को मजबूत करने वाले महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है। इनमें मरबेड़ा-सितरम मार्ग के किलोमीटर 1/10 पर कोटरी नदी में 19 करोड़ रुपये, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढ़की नदी में 10 करोड़ रुपये तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढ़की नदी में 06 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण तेजी से जारी है। इन पुलों के पूर्ण होने से दुर्गम क्षेत्रों का संपर्क बेहतर होगा तथा महाराष्ट्र राज्य से अंतरराज्यीय आवागमन को भी सुविधा मिलेगी।
140 करोड़ की लागत से 19 पुल निर्माणाधीन, 92 करोड़ के 10 नए पुल स्वीकृत
जिले के ग्रामीण अंचलों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों एवं राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने तथा ब्लॉक, तहसील एवं जिला मुख्यालयों से बारहमासी संपर्क सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन द्वारा 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। इनका निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इसके साथ ही 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनका कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इन स्वीकृत पुलों में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 06 करोड़ रुपये, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 04 करोड़ रुपये, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 05 करोड़ 50 लाख रुपये, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़ रुपये, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ रुपये तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 06 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शामिल हैं।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button