छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhatisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से बिहान दीदी पुष्पा महंत के हुनर और आत्मनिर्भरता की सराहना की

Chhatisgarh News :  रायपुर, 14 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ‘विष्णु के पाती’ के माध्यम से जांजगीर-चांपा जिले की बिहान दीदी श्रीमती पुष्पा महंत के हुनर, परिश्रम और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की है। मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा संचालित ‘होममेड पुष्पा’ उद्यम की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री से मिले इस स्नेहपूर्ण पत्र ने श्रीमती पुष्पा महंत के उत्साह और आत्मविश्वास को और बढ़ाया है।

जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड के ग्राम खैरा (खोखसा) की निवासी श्रीमती पुष्पा महंत ने अपनी मेहनत, लगन और हुनर से घरेलू उत्पाद निर्माण को आजीविका का माध्यम बनाया है। वर्ष 2022 में मां लक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्हें बिहान योजना के माध्यम से प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ। इन अवसरों का लाभ उठाते हुए उन्होंने ‘होममेड पुष्पा’ के नाम से अपना उद्यम शुरू किया। आज वे सर्फ, साबुन, डिटर्जेंट, डिशवॉश, शैम्पू, अगरबत्ती और फिनाइल सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्रियों का निर्माण कर रही हैं। उनके द्वारा तैयार उत्पाद स्थानीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं।

बिहान योजना के आर्थिक सहयोग से उद्यम को मिली नई गति

श्रीमती पुष्पा महंत ने बताया कि बिहान मिशन से मिले प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और वित्तीय सहयोग ने उनके उद्यम को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके समूह को सामुदायिक निवेश निधि (सीआईएफ) के तहत 60 हजार रुपये तथा सीईएफ के तहत 50 हजार रुपये का ऋण और 15 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। इस आर्थिक सहयोग से उन्हें आजीविका गतिविधियों का विस्तार करने और अपने उद्यम को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। समूह के सहयोग और अपनी मेहनत से वे आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं।

राज्योत्सव में ‘होममेड पुष्पा’ के उत्पादों को मिला प्रदर्शन का अवसर

श्रीमती पुष्पा महंत के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित प्रदर्शनी में ‘होममेड पुष्पा’ का स्टॉल लगाया गया। यहां उनके द्वारा निर्मित विभिन्न घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। राज्योत्सव जैसे महत्वपूर्ण मंच पर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलने से उनके उद्यम को नई पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बिहान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसरों के माध्यम से महिलाएं अपने हुनर को उद्यम में बदलकर आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। श्रीमती पुष्पा महंत की सफलता इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि शासकीय योजनाओं से मिले अवसरों, समूह के सहयोग और निरंतर परिश्रम से ग्रामीण महिलाएं अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। मुख्यमंत्री की ओर से मिले प्रोत्साहन ने उनकी इस यात्रा को और नई ऊर्जा दी है।

श्रीमती पुष्पा महंत की इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम तथा जनपद पंचायत नवागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बी.आर. वर्मा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button