CG Panchayat Chunav: छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव में सीएम साय ने अपने गृहग्राम बगिया में परिवार के साथ किया मतदान…

CG Panchayat Chunav : छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 का तीसरा और अंतिम चरण आज 23 फरवरी 2025 को संपन्न हो रहा है। इस चरण में राज्य के 50 विकासखंडों में मतदान हो रहा है, जहां 53 लाख 28 हजार 371 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए 11,430 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
CG Panchayat Chunav मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने विकासखंड कांसाबेल के शासकीय प्राथमिक शाला बगिया में स्थित मतदान केंद्र क्रमांक-45 में मतदान किया। मुख्यमंत्री ने कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया और मतदान अधिकारियों के निर्देशों का पालन करते हुए अपना वोट डाला। मुख्यमंत्री के साथ उनकी माताजी जसमनी देवी, धर्मपत्नी कौशल्या साय, भाई विनोद साय सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भी मतदान किया। मतदान के उपरांत मुख्यमंत्री ने परिवार सहित सेल्फी जोन में जाकर इस पल को कैमरे में कैद किया।