छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

छत्तीसगढ़ में आज फिर बदलेगा मौसम….रायगढ़ सहित इन जिलों से लगे इलाकों में होगी बारिश

Cg News छत्तीसगढ़ के मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के मध्य और दक्षिणी भाग के कुछ जिलों के आसपास बारिश हो सकती है। शनिवार को बादलों का एक ऐसा सिस्टम तैयार हो रहा है। जिसकी वजह से इन हिस्सों में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, जो तपती गर्मी से थोड़ी ही सही मगर राहत देंगी।

मौसम विभाग के एक्सपर्ट एचपी चंद्र ने दैनिक भास्कर को बताया कि एक द्रोणिका कर्नाटक के पश्चिमी हिस्से में फैल रही है। इसकी वजह से प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में देश के साउथ के राज्यों से हवा का एरिया बना हुआ है। इस वजह से 16 अप्रैल को कुछ एक जगहों पर हल्की बारिश या गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकती हैं।

उन्होंने कहा कि, इससे प्रदेश के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। छत्तीसगढ़ के दक्षिण और मध्य इलाके में रायगढ़ जांजगीर गरियाबंद जैसे इलाके पड़ते हैं, इन जिलों के आसपास के हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

प्रदेश में 17 से 19 तक बारिश के आसार
मौसम विभाग की ताजा अपडेट के मुताबिक 17 अप्रैल से लेकर 19 अप्रैल तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और हल्की बारिश होने का अनुमान है। बारिश के सबसे ज्यादा आसार गरियाबंद इलाके में है।

राजधानी में ऐसा रहेगा मौसम
प्रदेश की राजधानी रायपुर को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा। रायपुर में आसमान साफ रहेगा और यहां अधिकतम या न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले सप्ताह भर में रायपुर का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा इलाका कोरिया जिले का रहा जहां तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिकतम तापमान महासमुंद जिले का रहा जहां 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

Back to top button