Bharatgas Lite ZIP: BPCL ने लॉन्च किया Bharatgas Lite ZIP, अब फास्ट डिलीवरी के साथ मिलेंगे हल्के LPG सिलेंडर

Bharatgas Lite ZIP अगर आप घर में LPG गैस सिलेंडर इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने ग्राहकों के लिए Bharatgas Lite ZIP नाम से एक नई प्रीमियम LPG सर्विस शुरू की है. इस सर्विस का मकसद लोगों को हल्का गैस सिलेंडर, जल्दी नया कनेक्शन और तेज डिलीवरी जैसी सुविधाएं देना है. फिलहाल इसकी शुरुआत मुंबई से की गई है, लेकिन कंपनी का कहना है कि 15 अगस्त 2026 तक इसे देश के 24 राज्यों के 100 शहरों में शुरू कर दिया जाएगा. इससे बड़ी संख्या में ग्राहकों को नई तकनीक और बेहतर सेवा का लाभ मिलेगा.
Bharatgas Lite ZIP की सबसे बड़ी खासियत इसका कंपोजिट LPG सिलेंडर है. यह सिलेंडर स्टील के सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का है, इसलिए इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान होगा. खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे परिवारों के लिए यह सिलेंडर ज्यादा सुविधाजनक साबित हो सकता है. इसके अलावा यह सिलेंडर जंग नहीं पकड़ता, इसलिए इसकी उम्र भी ज्यादा होती है और रखरखाव की चिंता कम रहती है.
बाहर से दिख जाएगी कितनी बचे गैस
इस नए सिलेंडर की एक और खास बात यह है कि इसका बाहरी हिस्सा पारदर्शी है. यानी ग्राहक बिना सिलेंडर खोले ही देख सकेंगे कि उसमें कितनी गैस बची है. इससे गैस खत्म होने का अंदाजा पहले ही लग जाएगा और अचानक सिलेंडर खाली होने की परेशानी नहीं होगी. कंपनी का दावा है कि नए डिजाइन में सुरक्षा का भी खास ध्यान रखा गया है, जिससे यह पारंपरिक सिलेंडर की तुलना में ज्यादा सुरक्षित है.
तुरंत मिलेगी डिलीवरी
BPCL ने इस सेवा को आज की तेज रफ्तार जिंदगी को ध्यान में रखकर तैयार किया है. अब ग्राहकों को नया LPG कनेक्शन लेने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और सिलेंडर की डिलीवरी भी पहले की तुलना में ज्यादा तेजी से की जाएगी. कंपनी का मानना है कि इससे ग्राहकों का अनुभव पहले से बेहतर होगा.
ग्राहकों को मिलेगा फायदा
Bharatgas Lite ZIPअब देश की तीनों बड़ी सरकारी तेल कंपनियां Indian Oil, BPCL और HPCL हल्के कंपोजिट सिलेंडर और फास्ट डिलीवरी जैसी आधुनिक सुविधाओं पर जोर दे रही हैं. माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस का सबसे बड़ा फायदा ग्राहकों को मिलेगा. उन्हें पहले से बेहतर सेवा, ज्यादा विकल्प और आधुनिक तकनीक वाले गैस सिलेंडर उपलब्ध होंगे.



