Raigarh News: ट्रांसपोर्ट नगर में आधी रात दो होटल और ठेले में आग लगने से सनसनी

Raigarh News रायगढ़, 31 मई। शहर के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में बीती रात दो होटल और ठेले में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से सबकुछ जलकर स्वाहा हो गया। बचाव कार्य मे जुटे लोगों ने फायर बिग्रेड को भी सूचना दी, मगर घंटे भर देरी से आने पर भीषण अग्निकांड से होटल के सामान पटाखे की तरह फूट रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड में पीयूष राज और दीक्षा होटल से लगे लकड़ी के ठेले में फल वगैरह रखा जाता है। होटल संचालक सत्येंद्र शाह रोजाना की तरह मंगलवार रात अपनी दुकान बन्दकर घर गया। दरमियानी रात तकरीबन 3 बजे टीपी नगर के कुछ लोगों ने पीयूष राज तथा दीक्षा होटल से धुंआ निकलते देखा तो समझा कि चूल्हे की अंगीठी की होगी, लेकिन जब आग की लपटें भी उठने लगी तो उन्होंने मौके की नजाकत को भांप फोनकर घटना की खबर सत्येंद्र को दी।
अपने होटल में आग लगने की भनक लगते ही सत्येंद्र जब टीपी नगर पहुंचा तो वहां का नजारा देख उसके होश फाख्ते हो गए, क्योंकि आग की चपेट में आए होटल के सामान पटाखे की तरह धमाका करते हुए ऐसे फुट रहे थे कि पास जाने की हिम्मत किसी की नहीं हो रही थी। चूंकि, होटल के पास ही बिजली खंबे भी है, इसलिए बचाव कार्य मे जूट लोग चाहकर भी करंट के डर से पानी नहीं डाल पा रहे थे। ऐसे में आपातकालीन सहायता के लिए फायर बिग्रेड को फोन किया गया, लेकिन घंटेभर तक कोई रिस्पॉन्स नहीं मिल पाया।
Read more: छात्रों को हर महीने मिलेगा 5000 रुपए की छात्रवृत्ति का लाभ, कैबिनेट ने दी मंजूरी
Raigarh News इस बीच जागरूक युवकों ने बिजली ऑफिस में कॉल कर ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराते हुए होटल संचालक के साथ बचाव कार्य भी किया। काफी देर के बाद जब इमरजेंसी सायरन बजाते हुए दमकल वाहन टीपी नगर पहुंची और फायरमैन ने पाईप से पानी की लगातार बौछारें की तो आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद आग की लपटें शांत जरूर हुई, लेकिन दीक्षा होटल और लकड़ी ठेला पूरी तरह जलकर खाक में मिल गया तो पीयूष राज होटल की रसोई के सामान भी स्वाहा हो गए। होटल संचालक सत्येंद्र शाह का दावा है कि इस घटना से उसे 1 लाख से अधिक की आर्थिक क्षति हुई है। सत्येंद्र को आशंका यह भी है कि आगजनी किसी विद्युत शार्ट सर्किट के कारण नहीं हुई, बल्कि किसी से जानबूझकर घटना को अंजाम दिया है।



