मंत्री उमेश पटेल के मुख्य आतिथ्य में गायत्री शक्तिपीठ खरसिया में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन

Raigarh News खरसिया। धर्मनगरी खरसिया की पावन धरा पर रथ द्वितीया महापर्व के पावन अवसर पर शुक्रवार को गायत्री शक्तिपीठ खरसिया में 23वें प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन मंत्री उमेश पटेल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका परिषद की अध्यक्षा राधा सुनील शर्मा ने की। इस अवसर पर मंत्री उमेश पटेल ने मां गायत्री की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
समारोह के दौरान मंत्री श्री पटेल ने कहा की हमारा खरसिया धर्मनगरी के रूप में केवल खरसिया में ही नहीं अपितु समूचे देश-प्रदेश में पहचाना जाता है। आज रथ द्वितीया के पावन पर्व के अवसर पर खरसिया गायत्री मन्दिर परिवार ट्रस्ट द्वारा गायत्री शक्ति पीठ का 23 वां वार्षिक उत्सव समारोह का आयोजन किया गया। गायत्री परिवार द्वारा विगत 22 वर्षों से लगातार इस परंपरा का निर्वहन किया जा रहा है जिसके लिए समस्त गायत्री मंदिर परिवार ट्रस्ट के समस्त ट्रस्टियों तथा उनकी पूरी टीम को इतने लम्बे समय से इस भव्य समारोह का सफल आयोजन के लिए अपनी बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित करता हूं साथ ही मां गायत्री से नगर, प्रदेश व देशवासियों के खुशहाली की कामना करता हूं।
समारोह में श्री पटेल अपने शिक्षक बनहर निवासी बड़े गुरुजी स्व. हेमचरण पटेल को नमन करते हुए कहा कि गायत्री परिवार से बचपन से बड़े गुरुजी सभी बच्चों से जुड़े हुए थे वही मेरे घर परिवार बड़े पिताजी राधाचरण पटेल के सानिध्य में बैसपाली वालें गायत्री परिवार से बहुत कुछ देखने सुनने समझने का मौका मिला है।
कार्यक्रम के अंत में गायत्री परिवार के ट्रस्टियों सुरेश कबुलपुरिया, राकेश अग्रवाल, जयप्रकाश गर्ग, अरुण अग्रवाल, कान्हा कबुलपुरिया द्वारा मंत्री उमेश पटेल को स्मृति चिन्ह भेंट स्वरूप प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान मंत्री उमेश पटेल सहित नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती राधा शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनील शर्मा एवं सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रहीं।