छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोग और 52 बकरियो की दर्दनाक मौत

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के तीन जिलों में रविवार को आकाशीय बिजली (Lightning Strikes) गिरने की अलग-अलग घटनाओं में तीन व्यक्तियों और 52 बकरियों की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि गरियाबंद जिले में एक चरवाहा और उसकी बकरियों का झुंड आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया, जबकि मुंगेली और बलौदाबाजार-भाटापारा जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है.
पुलिस ने बताया कि चरवाहे की पहचान चिंतामणि धरखड़ (22) के तौर पर हुई है. वहीं राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन घटनाओं पर दुख व्यक्त किया और मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.
52 बकरियों की मौके पर ही मौत
गरियाबंद के पुलिस अधीक्षक जेआर ठाकुर ने कहा कि धनखड़ सहसपुर गांव के पास बकरियां चरा रहा था, तभी बारिश होने लगी और उसने एक बड़े पेड़ के नीचे शरण ली और जानवरों को भी वहीं ले आया. उन्होंने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से उसकी और 52 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मुंगेली में उस समय आकाशीय बिजली गिरी जब सुखदेव खांडे (23) ठाकुरिकापा गांव स्थित अपने खेत से घास निकाल रहे थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं एक अन्य घटना में बलौदाबाजार जिले के रोहासी गांव में 40 वर्षीय एक महिला अनीता साहू की बिजली गिरने से मौत हो गई, जब वह खेत में धान बो रही थी.
4 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा
इस बीच एक सरकारी बयान में कहा गया कि राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन घटनाओं पर दुख व्यक्त किया और मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है.