अग्निपथ योजना पर बवाल, 260 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार,धारा 144 लागू

Agnipath protest in UP: अग्निपथ योजना को लेकर देशभर में केंद्र सरकार का विरोध हो रहा है। सेना भर्ती के लिए अग्निपथ योजना को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। बिहार के साथ ही उत्तर प्रदेश में योजना के खिलाफ छात्रों का उग्र प्रदर्शन जारी है। यूपी के 4 जिलों में पुलिस ने अब तक 6 FIR दर्ज कर चुकी है। 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यूपी में प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ पुलिस एक्शन ले रही है।
UP में 260 अरेस्ट
बिहार, हरियाणा और तेलंगाना सहित कई राज्यों में प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन सबसे ज्यादा गिरफ्तारी उत्तर प्रदेश में हुई है। यूपी में अब तक 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं बिहार में हिंसक प्रदर्शन करने के मामले में 650 से ज्यादा अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं करीब 30 उपद्रवियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बलिया में 109 गिरफ्तार
प्रदर्शनकारियों पर यूपी पुलिस ने 4 जिलों में 6 एफआईआर दर्ज की है। सबसे ज्यादा 3 एफआईआर वाराणसी में दर्ज किया गया है। इसके अलावा फिरोजाबाद, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर में 1-1 एफआईआर दर्ज किया गया है। वहीं इस मामले में अब तक 260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सबसे ज्यादा गिरफ्तारी बलिया में हुई है, यहां 109 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा मथुरा में 70, अलीगढ़ में 30, वाराणसी में 27 और गौतमबुद्ध नगर में 15 को गिरफ्तार किया गया है। वहीं बलिया के बाद अब अयोध्या में धारा 144 लागू कर दी गई है।