श्वेता तिवारी को अपनी गलती का हुआ अहसास,कही ये बात
टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) इस वक्त अपने एक विवादित बयान की वजह से सुर्खियों में हैं. दरअसल, श्वेता तिवारी की नई वेब सीरीज ‘शो स्टॉपर- मीट द ब्रा फिटर’ हाल ही में भोपाल में लॉन्च हुई थी. इस इवेंट के दौरान ही श्वेता तिवारी ने कहा था, ‘मेरी ब्रा का साइज भगवान ले रहे हैं’, हालांकि श्वेता तिवारी ने यह बात कुछ मजाकिया अंदाज में कही थी, लेकिन अपने इस बयान को लेकर अब श्वेता तिवारी विवादों में घिर गई हैं.
इतना ही नहीं,श्वेता तिवारी पर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के आरोप में धारा 295ए के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, मामला दर्ज होने के साथ ही श्वेता तिवारी का ऑफिशियल स्टेटमेंट भी सामने आ गया है, जिसमें उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ है. श्वेता के ऑफिशियल स्टेटमेंट को सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
श्वेता तिवारी ने अपने बयान में कहा, ‘मैंने यह नोटिस किया है कि एक सहयोगी की पिछली भूमिका के बारे में दिए गए मेरे एक बयान को संदर्भ से बाहर कर दिया गया है और गलत समझा गया है. जब संदर्भ में रखा जाता है, तो कोई यह समझ जाएगा कि ‘भगवान’ के संदर्भ में बयान सौरभ राज जैन की एक देवता की लोकप्रिय भूमिका के संदर्भ में था. लोग किरदारों के नामों को अभिनेताओं से जोड़ते हैं और इसलिए, मैंने मीडिया के साथ अपनी बातचीत के दौरान इसे एक उदाहरण के रूप में इस्तेमाल किया था.’
श्वेता ने अपने बयान में आगे कहा, ‘हालांकि, इसे पूरी तरह से गलत समझा गया है जो देखकर दुख होता है. एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो स्वयं ‘भगवान’ के कट्टर विश्वासी रहे हैं, ऐसा कोई तरीका नहीं है कि मैं जानबूझकर या अनजाने में ऐसी कोई बात कहूं या करूं, जिससे कुल मिलाकर भावनाओं को ठेस पहुंचे. हालांकि, मुझे यह समझ में आया है कि जब इसे संदर्भ से बाहर किया जाता है, तो इसने अनजाने में लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है. कृपया आश्वस्त रहें कि मेरे शब्दों या कार्यों से किसी को चोट पहुंचाने का मेरा इरादा कभी नहीं रहा है. इसलिए, मैं विनम्रतापूर्वक उस चोट के लिए माफी मांगना चाहती हूं, जो मेरे बयान से अनजाने में बहुत से लोगों को हुई है.