देश

BJP उम्मीदवार ने खोया आपा, कह डाली ये आपत्तिजनक बात

मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश)। (भाषा) चुनावी सभा में भड़काऊ भाषण देने और निर्वाचन आयोग के प्रचार संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने के आरोप में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मीरापुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ककरोली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि बिना अनुमति के रविवार को सभा करने के आरोप में प्रशांत गुज्जर और उनके 40 समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग ने कोविड-19 संबंधी स्थिति के मद्देनजर सभी प्रकार की जनसभाओं और रैलियों पर रोक लगा दी है। एक वीडियो क्लिप में गुज्जर चौरावाला गांव के लोगों से उन्हें समर्थन देने की अपील करते दिख रहे हैं। गुज्जर वीडियो में कहते सुनाई दे रहे हैं कि भाजपा हिंदुओं की और विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) मुस्लिम पार्टी है।

शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो की जांच करने के बाद गुज्जर और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि गुज्जर जिस चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, वह निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए और जिला प्राधिकारियों की अनुमति के बिना आयोजित की गई थी।

शर्मा ने कहा कि गुर्जर और उनके 40 समर्थकों के खिलाफ जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 125 (चुनाव के संबंध में वर्गों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), महामारी रोग अधिनियम की धारा तीन और आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 51 के तहत आरोप लगाए गए हैं।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button