देश

देश में 23 जनवरी को पीक पर होगा कोरोना? 7 लाख से ज्यादा मामले आ सकते हैं सामने

नई दिल्ली। कोरोना  के बढ़ते मामलों को लेकर एक सवाल सामने आ रहा है कि जनवरी के अंत में कोरोना के चरम पर पहुंचने की जो बात जो विशेषज्ञ कर रहे थे, क्या उनका अनुमान गलत था? नए आंकलनों की मानें, तो भारत में कोविड-19 का चरम अब आगामी 23 जनवरी को आ सकता है। कहा जा रहा है कि इस दौरान देश में 7 लाख से अधिक मामले आने की संभावना है।

भारत में एक दिन में कोविड-19 के 2,58,089 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,73,80,253 हो गई. संक्रमण के कुल मामलों में कोरोना वायरस के ‘ओमिक्रॉन’ स्वरूप के 8,209 मामले भी शामिल हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को सुबह आठ बजे जारी किए गए अपडेट आंकड़ों के अनुसार, देश में 29 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में अभी तक कोरोना वायरस के ‘ओमिक्रॉन’ स्वरूप के 8,209 मामले सामने आए हैं. इनमें से 3,109 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं या अन्य स्थानों पर चले गए हैं।

 

आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 19.65 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 14.41 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 3,52,37,461 लोग संक्रमणमुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.30 प्रतिशत है, जबकि मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 94.27 प्रतिशत है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ‘ओमिक्रॉन’ के महाराष्ट्र में सबसे अधिक 1,738 मामले सामने आए, इसके बाद पश्चिम बंगाल में 1,672, राजस्थान में 1,276, दिल्ली में 549, कर्नाटक में 548 और केरल में 536 मामले सामने आए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, हरेक संक्रमित के नमूनों का जीनोम अनुक्रमण मुमकिन नहीं है, लेकिन इस मौजूदा लहर में अधिकतर मामले ‘ओमिक्रॉन’ के ही हैं।

 

IIT कानपुर ने कोरोना के चरम को लेकर किया दावा
आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर मणीन्द्र अग्रवाल ने बताया कि फरवरी के अंत तक भारत में कोविड-19 की मौजूदा लहर लगभग खत्म हो जाएगी।आईआईटी कानपुर के ‘सूत्र’ मॉडल की मानें तो जनवरी के आखिरी हफ्ते में देश में कोरोना संक्रमण का अपने चरम पर होगी।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button