दुनिया के 77 देशों में फैल चुका है ओमिक्रॉन का खतरा – RGH NEWS
देश

दुनिया के 77 देशों में फैल चुका है ओमिक्रॉन का खतरा

वाशिंगटन. कोरोना का नया ओमिक्रॉन वैरिएंट (Omicron Variant) अब तक दुनिया के करीब 77 देशों में फैल चुका है. अपने पूर्ववर्ती डेल्टा वैरिएंट (Delta Variant) से भी ज्यादा संक्रामक बताए जाए रहे इस वैरिएंट के केस अमेरिका के 35 राज्यों में मिल चुके हैं. इस बीच विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी आशंका जाहिर की है कि ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के मद्देनजर दुनिया में हॉस्पिटलाइजेशन और मौतों की संख्या में इजाफा हो सकता है.

एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक देश में ओमिक्रॉन की वजह से अगले महीने तक नई लहर (New Covid Wave) आने की आशंका है. वहीं यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने बुधवार को कहा कि मध्य जनवरी तक यूरोप में ओमिक्रॉन प्रभावी वैरिएंट बन सकता है. इस वक्त यूरोप में कोरोना का डेल्टा वैरिएंट ही प्रभावी है.

दूसरी तरफ चीन में भी इस सप्ताह ओमिक्रॉन के मामले मिलना शुरू हो गए हैं. WHO के अधिकारियों का कहना है कि ओमिक्रॉन के कारण अफ्रीका में बीते सप्ताह में कोरोना मामलों में 83 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है.

डेल्टा से कम गंभीर संक्रमण लेकिन संक्रामक क्षमता ज्यादा
ओमिक्रॉन को लेकर हुई अब तक की रिसर्च में यह बात सामने आई है कि इससे डेल्टा की तुलना में कम गंभीर संक्रमण होता है. लेकिन इसकी संक्रामक क्षमता चिंताजनक है. इसके अलावा ये वैरिएंट प्रतिरोधक क्षमता को चकमा दे सकने में भी सक्षम बताया जा रहा है. यही कारण है कि दुनिया के कई एक्सपर्ट्स कोरोना वैक्सीन के बूस्टर डोज की हिमायत कर रहे हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button