अमेरिका में जल्द दिवाली पर घोषित हो सकता है राष्ट्रीय अवकाश

वॉशिंगटन. अमेरिका (United States) में दिवाली (Diwali 2021) के दिन जल्द ही राष्ट्रीय अवकाश (US National Holiday) घोषित किया जा सकता है. दरअसल अमेरिकी सांसदों ने कांग्रेस में इसके लिए एक प्रस्ताव पेश किया है. इसका नाम दीपावली डे एक्ट (Deepavali Day Act) है. अगर सब सही रहता है और इस प्रस्ताव को पारित किया जाता है तो दिवाली (Diwali Holiday in US) के दिन अमेरिका में राष्ट्रीय अवकाश होने की घोषणा होने की संभावना है. भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने दिवाली के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व को मान्यता देने वाले एक प्रस्ताव को अमेरिकी कांग्रेस में पेश किया है.
सांसद कृष्णमूर्ति ने प्रतिनिधि सभा में प्रस्ताव पेश करने के बाद कहा कि अमेरिका और दुनिया भर में बसे सिखों, जैनियों और हिंदुओं के लिए दिवाली आभार जताने के साथ अंधकार पर प्रकाश की विजय और बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव है.
उन्होंने कहा कि दिवाली के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को स्वीकार करने वाला यह प्रस्ताव इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतवंशी अमेरिकियों और दुनिया भर में प्रवासी भारतीयों के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करता है. कृष्णमूर्ति ने कहा कि दीपावली के विशाल धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व को मान्यता देने के लिए इस द्विदलीय प्रस्ताव को पेश करते हुए मुझे गर्व हो रहा है.
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान एक और दिवाली मनाते हुए मुझे उम्मीद है कि हम देखेंगे कि दुनिया में अंधकार पर प्रकाश हावी हो रहा है. अपने-अपने घरों में प्रियजनों के साथ दीप जलाकर दिवाली मनाने के लिए एकत्रित होने वाले परिवारों के लिए मैं सुरक्षित और प्रसन्नता से भरी दिवाली की कामना करना चाहता हूं और सभी के लिए अच्छे स्वास्थ्य और शांति की प्रार्थना करता हूं.



