*✍️वायरल फीवर एवं डेंगू का प्रकोप जारी…..यहां अब तक 60 से ज्यादा की मौत…..*

फिरोजाबाद: शहर में पिछले एक माह में वायरल बुखार एवं डेंगू के प्रकोप से मौत का सरकारी आंकड़ा 62 तक पहुंच गया है जिसमें अधिकांश बच्चे हैं।शुक्रवार देर शाम मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा एक और बच्चे की मौत की जानकारी देते हुए मौत का आंकड़ा 62 बताया गया है। अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉक्टर ए के सिंह ने बताया कि जनपद में कई टीमें वायरल एवं डेंगू को नियंत्रित करने में जुटी हैं। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में संचारी रोग विशेषज्ञ एवं निदेशक डॉक्टर जी एस वाजपेई के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों में घूम रही है। यह टीम विगत दिवस टूंडला गई थी जबकि आज वह फिरोजाबाद नगर एवं शिकोहाबाद में थी।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर भारत स्वच्छता मिशन के निदेशक एसबी सिंह भी फिरोजाबाद पहुंच गए और उन्होंने तत्काल प्रभाव से कार्यभार संभाल लिया है। लगातार समीक्षा के साथ वह क्षेत्रीय दौरे में भी स्थिति का आकलन कर रहे हैं और विशेष सफाई अभियान के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव तेजी के साथ किया जा रहा है।



