रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Raigarh News : जनजातीय गौरव दिवस समारोह की प्रशासन और पुलिस ने पूरी की तैयारियां

धरमजयगढ़ में 15 नवंबर को होगा वृहद जनजातीय गौरव दिवस समारोह

Raigarh News :  *14 नवंबर, रायगढ़* । 15 नवंबर को धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले वृहद जनजातीय गौरव दिवस समारोह को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं कानून-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम की संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह को सौंपी गई है। प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पिछले एक सप्ताह से लगातार धरमजयगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। दिनांक 13 नवंबर को कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की थी।

Read More : Gold silver price: सोना 2,500 रुपये से ज्यादा फिसला, चांदी की चमक भी पड़ी फीकी; जानें आज का ताजा रेट

वहीं आज दिनांक 14 नवंबर को पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, बिलासपुर श्री राम गोपाल गर्ग तथा एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की तथा ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारी एवं जवानों को कार्यक्रम स्थल पर एक साथ ब्रीफ किया। उन्होंने महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सुरक्षा, आम नागरिकों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर ड्यूटी की गंभीरता समझाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 900 पुलिस अधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है। इनके अतिरिक्त वन विभाग एवं स्थानीय कंपनियों से उपलब्ध कराए गए सुरक्षा गार्ड भी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की कमान डीआईजी एवं एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के हाथों में रहेगी। उनके सहयोग के लिए श्री अभिषेक वर्मा, सेनानी 22वीं वाहिनी कांकेर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायगढ़ श्री अनिल सोनी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्रियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा का बहुस्तरीय इंतजाम किया गया है। इसके लिए 10 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं 24 उप पुलिस अधीक्षकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 जवान तैनात रहेंगे, वहीं आउटर सुरक्षा घेरे में तैनात जवान आसपास की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेंगे। किसी भी अप्रिय स्थिति अथवा आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट रखा गया है। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए गिरफ्तारी पार्टी भी गठित की गई है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तीन डीएसपी एवं 100 जवानों की टीम यातायात व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों एवं आम नागरिकों के लिए अलग-अलग कुल 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पार्किंग स्थलों एवं कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के सुगम मार्गों का पृथक रूट मैप भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि किसी को आवागमन में असुविधा न हो।

समारोह में बड़ी संख्या में आम नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए धरमजयगढ़ में चारों दिशाओं से आने वाले प्रमुख मार्गों पर चार कट-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं। दिनांक 15 नवंबर को सुबह 4 बजे से इन निर्धारित पॉइंट पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रायगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सरिया नाला मंदिर के पास, छाल की ओर से आने वाले वाहनों को भारतमाला ब्रिज के पास प्रेमनगर में, कापू की ओर से आने वाले वाहनों को माण्ड नदी पुल के पास तथा पत्थलगांव की ओर से आने वाले वाहनों को नटवर पेट्रोल पंप के पास रोका जाएगा।

Read More: Train Mobile Charging New Rules: रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर; रात 11 बजह से सुबह 5 बजे तक बंद रहेंगे चार्जिंग प्वाइंट

रायगढ़ पुलिस द्वारा कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से निर्धारित यातायात मार्गों एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button