बिजनेस

Visa Rules: भारत ने आसान किए वीजा नियम, इन लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

Visa Rules भारत सरकार ने देश की वीजा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए वीजा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है। वहीं, वीजा की सब-कैटेगरी भी 49 से घटाकर 23 कर दी गई हैं। इतना ही नहीं, वीजा आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए फॉर्म में भरे जाने वाले फील्ड की संख्या भी 65 से 70 फीसदी तक कम कर दी गई है। सरकार के इस फैसले से भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों, कारोबारियों, मरीजों, छात्रों और शोधकर्ताओं को फायदा मिलने की उम्मीद है।

 

Read more Driver Strike Today: आज से ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, छत्तीसगढ़ में भी दिखेगा असर, निजी स्कूल बसों के पहिए थमने की आशंका

 

टूरिस्ट वीजा की जगह अब मिलेगा विजिटर वीजा

सरकार ने टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर विजिटर वीजा कर दिया है। इसका दायरा भी बढ़ाया गया है। अब इस कैटेगरी में केवल घूमने-फिरने के अलावा बिजनेस मीटिंग, मेडिकल कंसल्टेशन, वेलनेस रिट्रीट और भारतीय भाषा, संगीत, कला व शिल्प के छोटे कोर्स भी शामिल होंगे। विजिटर वीजा को V-1 और V-2 की दो कैटेगरी में बांटा गया है। V-1 वीजा 30 दिनों के लिए मल्टीपल एंट्री के साथ मिलेगा। वहीं, V-2 वीजा एक, पांच या 10 साल की वैधता के साथ दिया जा सकेगा। इसमें माउंटेनियरिंग यानी पर्वतारोहण की एक्टिविटी भी शामिल होंगी।

 

मेडिकल वीजा की वैधता होगी एक साल

विदेशी मरीजों को भी नए नियमों से राहत मिलेगी। मेडिकल वीजा को दो हिस्सों में बांटा गया है। M-1 वीजा सामान्य चिकित्सा उपचार के लिए होगा, जबकि M-3 वीजा आयुष पद्धति से इलाज कराने वालों को दिया जाएगा। दोनों तरह के मेडिकल वीजा और उनके ई-वीजा की सामान्य वैधता एक साल होगी। इनमें मल्टीपल एंट्री की सुविधा भी मिलेगी। मरीजों के साथ आने वाले लोगों के लिए M-2 और M-4 अटेंडेंट वीजा की व्यवस्था की गई है। इससे इलाज के दौरान बार-बार वीजा आवेदन करने की जरूरत कम होगी।

 

छात्रों और कारोबारियों के लिए भी बदले नियम

स्टूडेंट वीजा को S-1 और S-2 में बांटा गया है। S-1 स्कूल, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई के लिए होगा। वहीं, S-2 के तहत पीएचडी, रिसर्च, विजिटिंग फैकल्टी, इंटर्नशिप और एक्सचेंज प्रोग्राम जैसी एक्टिविटी आएंगी। स्टडी इन इंडिया पोर्टल के जरिए दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों को पांच साल तक या कोर्स की अवधि के लिए ई-वीजा मिल सकता है। बिजनेस वीजा को भी B-1 और B-2 कैटेगरी में बांटा गया है। इसके तहत लंबे समय के कारोबारी काम, निवेश, कॉन्फ्रेंस, फिल्म शूटिंग और टेक्निकल एक्सपर्ट की सेवाओं जैसी गतिविधियों को शामिल किया गया है।

 

172 देशों के नागरिकों को मिलती है ई-वीजा सुविधा

Visa Rulesफिलहाल भारत 172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा देता है। नई व्यवस्था लागू करने के लिए सरकार अपने आईटी सिस्टम को अपडेट कर रही है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, नए नियमों के तहत वीजा जारी करने की प्रक्रिया 2026 के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। नई व्यवस्था में बिजनेस, डिप्लोमैटिक, वर्क, जर्नलिस्ट, मेडिकल, ऑफिशियल, स्टूडेंट, विजिटर और मिसलेनियस समेत कुल नौ मुख्य वीजा कैटेगरी होंगी।

 

ख़बर शेयर करें:

Back to top button