*✍️RGHNEWS ब्रेकिंग: केंद्र सरकार ने 10 राज्यों को कोरोना से निपटने के लिए दिए सख्ती बरतने के निर्देश……..*

केंद्र सरकार ने शनिवार को 10 राज्यों में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा में पाया कि वहां मामलों में बढ़ोतरी और पॉजिटिविटी दिखाई दे रही है. जिन 10 राज्यों में केस में बढ़ोतरी और पॉजिटिविटी दिखाई दे रही है वो हैं–केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, असम, मिजोरम, मेघालय, आंध्र प्रदेश और मणिपुर. केंद्र ने बताया कि देश के 46 जिलों में 10% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है, जबकि 53 जिले ऐसे हैं जहां पर पॉजिटिविटी रेट 5% से 10 % है. सरकार ने कहा कि जिन 10 राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं वहां 80% से ज्यादा सक्रिय मामले होम आइसोलेशन में हैं. इन मामलों पर प्रभावी ढंग से और सख्ती से निगरानी रखने की जरूरत है जिससे वो आपस में मिलकर अपने पड़ोस, समुदाय, गांव, मोहल्ला, वार्ड आदि में न घूमें और संक्रमण न फैलाएं.
इसके अलावा केंद्र की तरफ से राज्यों को कोरोना से निपटने के लिए कुछ खास निर्देश दिए गए हैं, जिसमे निर्धारित जिलों में कोरोना की चपेट में आसानी से आने वाले लोगों का पूरी तरह से टीकाकरण, वैक्सीन की दूसरी खुराक को प्राथमिकता, संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए होम आइसोलेटेड लोगों की प्रभावी और नियमित निगरानी के साथ ही प्राइवेट अस्पतालों में ऑक्सीजन पीएसए प्लांट लगाने की बात कही गई है.



