रायगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chakradhar Samaroh 2026: चक्रधर समारोह में शामिल हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

बस्तर के कलाकारों के लिए 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा

Chakradhar Samaroh 2026:   रायगढ़, 17 सितम्बर 2026/ अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के चौथे दिन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया और कलाकारों का सम्मान भी किया। इस दौरान जाह्नवी बेहरा की ओडिसी, बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश एवं बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल सहित कई कलाकारों की प्रस्तुतियां हुईं।

 

 

Read More: Chakradhar Samaroh 2026: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने पहलवानों का बढ़ाया हौसला, कहा-खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

*नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच*

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि चक्रधर समारोह आज रायगढ़ ही नहीं, बल्कि देश-प्रदेश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। यह आयोजन केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मंच नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को हमारी समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का हिस्सा बनना गौरव की बात है। उन्होंने रायगढ़ में कला के प्रति लोगों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शहर के विभिन्न मोहल्लों में छोटे-छोटे स्थानों पर बड़ी संख्या में बच्चे कथक सहित अन्य शास्त्रीय कलाओं का प्रशिक्षण ले रहे हैं। ऐसे कला साधकों और गुरुओं के योगदान को उन्होंने नमन किया।

*बस्तर के कलाकारों का किया विशेष अभिनंदन*

वित्त मंत्री ने बस्तर से आए कलाकारों का विशेष रूप से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बस्तर की कला और संस्कृति को रायगढ़ के मंच पर प्रस्तुत किया जाना दोनों क्षेत्रों के लिए गौरव और हर्ष का विषय है। उन्होंने बस्तर से अपने पुराने जुड़ाव को भी साझा किया। इस अवसर पर श्री चौधरी ने बस्तर के कलाकारों के लिए अपनी ओर से 51 हजार रुपये की अतिरिक्त सम्मान राशि देने की घोषणा की।

Read More : Chakradhar Samaroh 2026: चक्रधर समारोह: जान्हबी बेहरा की मनोहारी ओडिसी नृत्य प्रस्तुति से भाव, लय और सौंदर्य का दिखा संगम

*आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों को दिया धन्यवाद*

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने चक्रधर समारोह को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े कलाकारों, गुरुओं, आयोजकों, प्रशासन और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को और ऊंचाई देने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने रायगढ़ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयासों के साथ आगे बढ़ने की बात कही। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान, श्री गुरुपाल भल्ला सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में कलाप्रेमी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Back to top button