छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhattisgarh news: रायपुर IGKV में तीसरी बार पेपर लीक का मामला, परीक्षा से 6 घंटे पहले बाहर आया जेनेटिक्स का पर्चा

Chhattisgarh news छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में एक बार फिर पेपर लीक का मामला सामने आया है। इस बार BSc फर्स्ट ईयर के ‘फंडामेंटल ऑफ जेनेटिक्स’ विषय के पेपर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि परीक्षा शुरू होने से करीब छह घंटे पहले ही पेपर लीक हो गया था। परीक्षा में लीक हुए पेपर के 100 फीसदी सवाल हूबहू दोहराए गए। IGKV में तीसरी बार पेपर लीक हुआ है।

 

 

परीक्षा से पहले करीब 6 घंटे पहले पेपर हुआ लीक

जानकारी के मुताबिक, BSc फर्स्ट ईयर के फंडामेंटल ऑफ जेनेटिक्स विषय की परीक्षा 19 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोजित की जानी थी। आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से करीब छह घंटे पहले यानी सुबह 4 बजे पेपर लीक हो गया था। पेपर लीक होने की खबर सामने आने के बाद छात्रों के बीच हड़कंप मच गया।

 

100 प्रतिशत प्रश्न हुए लीक

सबसे गंभीर आरोप यह है कि परीक्षा में छात्रों को जो प्रश्नपत्र मिला, उसमें कथित तौर पर वही प्रश्न थे जो परीक्षा से पहले लीक हुए पेपर में मौजूद थे। छात्रों का दावा है कि पेपर के 100 प्रतिशत प्रश्न लीक हुए प्रश्नपत्र से मैच कर रहे थे।

 

कांग्रेस के पूर्व मंत्री ने बीजेपी पर साधा निशाना

आईजीकेवी में पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद सियासत गरमा गई है। मामले को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए पेपर लीक की घटनाओं पर सवाल उठाए हैं।

 

लगातार आ रहीं पेपर लीक की घटनाएं

अमरजीत भगत ने कहा कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार आने के बाद से लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के विरोध में छात्र राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर आंदोलन कर रहे हैं। सरकार को छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए इस मामले में प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

 

ठोस कार्रवाई की जरूरत

Chhattisgarh newsपूर्व मंत्री ने कहा कि पेपर लीक जैसे मामलों में सिर्फ बयानबाजी तक बात सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि दोषियों के खिलाफ तत्काल और ठोस कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले में सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी।

 

 

ख़बर शेयर करें:

Back to top button