Batik Air flight: हवा में मचा हड़कंप! उड़ान के दौरान इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश, यात्री गिरफ्तार

Batik Air flight कुआलालंपुर से कोच्चि आ रहे एक विमान का आपातकालीन दरवाजा खोलने का कथित प्रयास करने और सह-यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को धमकी देने के आरोप में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि यात्री पर आपातकालीन निकास की खिड़की को क्षतिग्रस्त करने का भी आरोप है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जमशीर अथानिक्कल के रूप में हुई है. वह बीते बुधवार को कुआलालंपुर से कोच्चि आ रही बैटिक एयर की उड़ान संख्या ओडी231 में सवार था.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना विमान के हवा में होने के दौरान रात साढ़े 9 बजे से 11 बजकर पांच मिनट के बीच हुई. हालांकि चालक दल के सदस्यों ने बाद में यात्री को काबू में कर लिया. पुलिस ने बताया कि कोच्चि में बैटिक एयर के सुरक्षा प्रभारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया और गुरुवार की रात फ्लाइट के पहुंचने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
ये भी पढ़ेंInd vs Pak: क्रिकेट फैंस के लिए खुशखबरी, एशिया कप में फिर आमने-सामने होंगे भारत और पाकिस्तान
आरोपी के खिलाफ आपराधिक धमकी के लिए मामला दर्ज
पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ आपराधिक धमकी के लिए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), सुरक्षा निर्देशों के उल्लंघन के लिए विमान अधिनियम की धारा 11ए और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्यों के लिए केरल पुलिस अधिनियम की धारा 118(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.
कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड के मुताबिक, फ्लाइट के गुरुवार की रात करीब दो बजकर 40 मिनट पर कोच्चि पहुंचने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया और बाद में उसे नेदुंबस्सेरी पुलिस थाने को सौंप दिया.
यात्रियों में मच गया हड़कंप
Batik Air flightसीआईएएल के बयान के मुताबिक, आरोपी जमशीर पलक्कड़ जिले के कूट्टनाड का रहने वाला है. उसपर आरोप है कि उसने उड़ान के दौरान विमान की एक खिड़की को नुकसान पहुंचाया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. सीआईएएल ने आगे बताया कि बाद में विमान का निरीक्षण करने और मरम्मत के बाद उसे परिचालन के लिए मंजूरी दे दी गई और फिर विमान वापस रवाना हो गया.



