Raigarh News : तमनार में 2 लाख रुपये की उठाईगिरी में रायगढ़ पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पुलिस टीम ने शातिर आरोपी को जशपुर से किया गिरफ्तार

Raigarh News : *20 जून, रायगढ़* । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर तमनार पुलिस को उठाईगिरी के एक बड़े मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इसी माह 8 जून को तमनार स्थित अपेक्स बैंक के बाहर ग्रामीण की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं।

Read More : Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा, जानिए कैसे करें बाबा बर्फानी के दर्शन
मामले में ग्राम गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल (60 वर्ष) ने 8 जून 2026 को थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपेक्स बैंक तमनार से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे थे। इसके बाद तहसील कार्यालय में काम से जाने के दौरान मोटरसाइकिल बाहर खड़ी कर दी। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर डिक्की टूटी मिली और उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे। रिपोर्ट पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक-135/2026 धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने अपेक्स बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। पुलिस टीम ने ग्राम गाला पहुंचकर सरपंच एवं स्थानीय गवाहों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिन्होंने संदेही की पहचान विशाल उर्फ हरि नट के रूप में की।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि विशाल उर्फ हरि नट एक आदतन अपराधी है और चोरी के अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध है। साथ ही उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा के सक्रिय होने की जानकारी प्राप्त हुई। इसके बाद एसएसपी के निर्देशन पर पुलिस टीम ने जशपुर जिले में लगातार सात दिनों तक कैंप कर आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ग्राम झक्कड़पुर पहुंची, जहां पहचानकर्ताओं को सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया। फुटेज में धर्मेन्द्र नट की पहचान होने के बाद उसकी तलाश तेज की गई। अंततः सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव के समीप खेत क्षेत्र में घेराबंदी कर धर्मेन्द्र नट को पकड़ लिया। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए।
🔸 *आरोपी ने पूछताछ में कबूला अपराध*
आरोपी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट से पूछताछ में उसने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर तमनार अपेक्स बैंक से निकले लोगों की रेकी करने और मौका पाकर डिक्की तोड़कर रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि 8 जून को प्रार्थी लोकेश्वर पटेल की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी किए गए थे। चोरी की रकम का बंटवारा कर उसके हिस्से में आए एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
🔸 *दो मोटरसाइकिल और औजार बरामद*
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई दूसरी नई अपाचे मोटरसाइकिल तथा डिक्की तोड़ने में उपयोग किए जाने वाले लोहे के औजार बरामद किए हैं। जप्त संपत्ति को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
*गिरफ्तार आरोपी* :-
धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट पिता मोहन लाल मीणा, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर (छ.ग.)
*जप्ती* :- (1) घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल (2) चोरी की रकम से खरीदी गई नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल
(3) डिक्की तोड़ने में प्रयुक्त लोहे का औजार । *कुल करीब 2 लाख रूपये की संपत्ति जब्त*

👉 *एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश*-
*“उठाईगिरी, लूट जैसे अपराधों में रायगढ़ पुलिस पेशेवर तरीकों से कार्य कर आरोपियों तक पहुंच रही है। बैंक से बड़ी राशि निकालने वाले नागरिक सतर्क रहें तथा अपने धन की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतें। संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”*
Read More : Reliance Industries AGM 2026: Jio IPO को बोर्ड की मंजूरी, 27 करोड़ शेयर से ₹37,700 करोड़ जुटाने का प्लान
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, दिलदार कुरैशी, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, पुरूषोत्तम सिदार, जॉन प्रकाश टोप्पो (पुलिस लाइन) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



