Ramgarh News: कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान हादसा, 4 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका – RGH NEWS
देश

Ramgarh News: कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान हादसा, 4 की मौत, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

Ramgarh News: झारखंड के रामगढ़ जिले के अरगड्डा क्षेत्र में शनिवार को अवैध कोयला खनन एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ. खदान के अंदर ऑक्सीजन की कमी और संभावित गैस रिसाव के कारण चार लोगों की मौत हो गयी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं अवैध खनन पर प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं.

 

सुबह खदान में गये थे चार युवक

जानकारी के अनुसार, टोंगी गांव के रहने वाले देवा और डब्ल्यू शनिवार सुबह करीब 8.30 बजे अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए खदान के अंदर गये थे. इसके कुछ देर बाद सिरका बुथबाजार के किशोर और आशीष भी उसी माइंस में प्रवेश कर गये. काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई.

 

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद कुजू पुलिस और नयीसराय माइंस रेस्क्यू की टीम सुबह करीब 11 बजे घटनास्थल पर पहुंची. मौके पर अग्निशामक वाहन और मेडिकल टीम को भी तैनात किया गया. रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चारों युवकों को खदान से बाहर निकाला गया.

 

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

खदान से बाहर निकालने के बाद सभी को तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

 

ऑक्सीजन की कमी या गैस रिसाव

नयीसराय माइंस रेस्क्यू टीम के सदस्य विकास कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में खदान के अंदर ऑक्सीजन की कमी हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है. हालांकि स्थानीय लोगों और कुछ जानकारों का कहना है कि गैस रिसाव की वजह से भी चारों युवक अचेत हो सकते हैं. वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.

 

इसे भी पढ़ें: Chhattisgarh today news: छत्तीसगढ़ के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए नया आदेश; ऑनलाइन उपस्थिति नहीं तो रुकेगा वेतन, इस दिन से होगा लागू

अवैध खनन पर फिर उठे सवाल

Ramgarh Newsइस दर्दनाक घटना ने कोयलांचल क्षेत्र में जारी अवैध खनन की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार चल रहा है, लेकिन इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद पुलिस, प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का मानना है कि यदि समय रहते अवैध खनन पर सख्ती नहीं की गयी, तो ऐसे हादसे आगे भी कई परिवारों को उजाड़ सकते हैं.

Related Articles

Back to top button