Chhattisgarh top news: दुर्ग में धान खरीदी केंद्र के गोदाम में आग लगने से मचा हड़कंप, 500 क्विंटल से ज्यादा धान जलकर खाक

Chhattisgarh top news दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुड़िया धान खरीदी केंद्र में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया.आग की चपेट में आने से केंद्र में संग्रहित लगभग 510 क्विंटल धान जलकर पूरी तरह राख हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम ने 1 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है.
खरपतवार नष्ट करने के लिए लगाई गई थी आग
वहीं धान खरीदी केंद्र के प्रभारी दीपक कुमार कन्नौज ने बताया कि धान खरीदी केंद्र के समीप स्थित एक खेत में खरपतवार नष्ट करने के उद्देश्य से आग लगाई गई थी. इसी दौरान तेज हवा चलने के कारण आग तेजी से फैल गई.
एक गलती से लाखों का धान स्वाहा
आग फैलते हुए धान खरीदी केंद्र तक पहुंच गई. देखते ही देखते वहां रखे धान के बोरों से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया- दीपक कुमार कन्नौज, प्रभारी धान खरीदी केंद्र
स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी जानकारी
धान के सैकड़ों बोरे आग की चपेट में आ गए, जिससे बड़ा नुकसान हुआ. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को जानकारी दी. सूचना प्राप्त होते ही दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई. एसडीआरएफ कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह लगभग 9 बजे आग लगने की सूचना मिली थी.
कुड़िया धान खरीदी केंद्र की घटना
फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत और पांच टैंकर पानी की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. वर्तमान में कूलिंग का कार्य जारी है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे- नागेंद्र सिंह, एसडीआरएफ कमांडेंट
कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश
Chhattisgarh top newsघटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.उन्होंने अधिकारियों को नुकसान का आकलन कर शीघ्र रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण खेत में लगाई गई आग को माना जा रहा है. प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है.



