Chhatisgarh News: जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करुंगा : कलेक्टर – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhatisgarh News: जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करुंगा : कलेक्टर

Chhatisgarh News:   गौरेला पेंड्रा मरवाही, 04 मई 2026

सुशासन तिहार के अंतर्गत आज गौरेला विकासखण्ड के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र के ग्राम पंचायत लमना में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आस-पास के ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी मांग एवं शिकायत प्रशासन के समक्ष रखी। शिविर में सभी विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
कलेक्टर ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि लमना के शिविर में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी को आना था, किन्तु उनके हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण उनका आना स्थगित हो गया। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को वे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। शिविर में ज्यादातर आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त होते हैं। राजस्व विभाग को और अधिक काम करने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक तहसील कार्यालय में दो दिन तहसीलदार एवं पटवारियों के साथ बैठकर न्यायालयीन प्रकरणों को छोड़कर सीमांकन, बटवारा, नामांतरण, नक्शा बटांकन आदि विभिन्न प्रकरणों का स्वयं निराकरण करेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति का समुचित प्रबंध किया गया है। पीडीएस का तीन माह का राशन सभी उचित मूल्य दुकानों में पहुचा दिया गया है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण है, किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद-बीज प्राप्त कर सकते हैं। आजीविका के तहत बकरा-बकरी एवं पशु पालकों को लाभान्वित करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है, जिससे वे अलग-अलग व्यवसायों से शसक्त हो रही हैं और लखपती दीदी बन रही हैं। पीएम जनमन आवास योजना के तहत आवास पूर्ण कर चुके 200 हितग्राहियों के घर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर लाईट लगाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
शिविर में कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इसके साथ ही राजस्व, कृषि, वन, परिवहन, समाज कल्याण, मछली पालन सहित अन्य विभागों द्वारा विभन्न योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में हितग्राहियों को खसरा-बी वन, अधिकार अभिलेख, आर्थिक सहायता, किसान किताब, मूंग बीज, जाल एवं कैरेट, सहायक उपकरण, लर्निंग लाईसेंस आदि प्रदान किया गया। इसके साथ ही 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा के मेधावी विद्यार्थीयों को प्रशस्ती पत्र प्रदान किया गया। शिविर में वन मंडला अधिकारी ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा पैकरा, श्रीमती राधा रायदास, श्रीमती बूंद कुंवर मास्को सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button