Chhattisgarh news: अंतर्राज्यीय सट्‌टा गिरोह का भंडाफोड़, रायपुर-गोवा से 7 आरोपि गिरफ्तार – RGH NEWS
छत्तीसगढ़ न्यूज़ (समाचार)

Chhattisgarh news: अंतर्राज्यीय सट्‌टा गिरोह का भंडाफोड़, रायपुर-गोवा से 7 आरोपि गिरफ्तार

Chhattisgarh news राजधानी रायपुर में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पेमेंट गेट-वे पैनल संचालित करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस कार्रवाई में रायपुर से 2 और गोवा से 5 आरोपियों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रतीक कुमार और सैंकी देवड़ा हाल ही में दुबई से लौटे थे और पेमेंट गेट-वे पैनल का संचालन कर रहे थे। गिरोह भारत सहित विदेशों में ऑनलाइन क्रिकेट पैनलों का संचालन कर रहा था। एसीसीयू की टीम ने सतत मॉनिटरिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए नेटवर्क को ट्रैक कर कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

 

मुक्तिधाम के पास वाहन से शुरू हुई कार्रवाई

25 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास एक चारपहिया वाहन में बैठे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। मौके पर पहुंची टीम ने वाहन से प्रतीक कुमार वीधवानी और सैंकी देवड़ा को पकड़ा। उनके मोबाइल फोन की जांच में 23exch9.com, allpenalexch.com और 99.com जैसी बेटिंग साइट्स के मास्टर आईडी बनाकर सट्टा संचालन का खुलासा हुआ। पूछताछ में गोवा में बैठे अन्य साथियों की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने गोवा में रेड कर 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोवा में किराये के मकान में बाकायदा ऑफिस सेटअप कर पेमेंट गेट-वे पैनल संचालित किया जा रहा था।

 

 

431 म्यूल बैंक खातों का उपयोग

जांच में सामने आया कि आरोपी 431 म्यूल बैंक खातों के जरिए सट्टे की रकम डिपॉजिट और विड्रॉल कर रहे थे। व्हाट्सएप ग्रुप “जयदेव ग्रुप” और “जेएमके ग्रुप” के माध्यम से लेन-देन संचालित किया जा रहा था। विभिन्न बैंकों में खोले गए खातों के जरिए करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है।

 

क्रिप्टो करेंसी के जरिए अंतरराष्ट्रीय लेन-देन

गिरोह क्रिकेट सट्टे से अर्जित अवैध राशि को क्रिप्टो करेंसी/यूएसडीटी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पैनल संचालकों तक पहुंचा रहा था। अब तक 46,500 यूएसडीटी (लगभग 42 लाख रुपये) क्रिप्टो वॉलेट में ट्रांसफर किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले की जांच जारी है।

 

 

22 लाख से अधिक का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जब्त की है ये सामग्री-

 

  • 5 लैपटॉप
  • 1 टैब
  • 58 मोबाइल/आईफोन
  • 12 एटीएम कार्ड
  • 3 राउटर
  • 4 पासबुक
  • नगद 24,600 रुपये
  • एक बलेनो कार

जुमला कीमती लगभग 22,14,600 रुपये का मशरूका जब्त किया है। इनमें से 53 मोबाइल फोन बैंक खातों से लिंक पाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रतीक कुमार पूर्व में भी क्रिकेट सट्टा संचालन के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों के विरुद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 89/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी पहचान की जा रही है, जिन पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

गिरफ्तार आरोपी

प्रतीक कुमार वीधवानी पिता स्व. दयालचंद वीधवानी उम्र 38 साल निवासी बी 102 सांई ट्वीन्स अमलीडीह, रायपुर।

सैन्की देवड़ा पिता स्व. उत्तम चंद देवड़ा उम्र 39 साल निवासी ब्लॉक ए 103 सांई ट्वीन्स अमलीडीह रायपुर।

धनंजय वैष्णव पिता स्व. श्याम सुंदर वैष्णव उम्र 33 साल निवासी ग्राम तुमान जिला कोरबा।

साकेत जगवानी पिता राजकुमार जगवानी उम्र 26 साल निवासी जूना बिलासपुर श्याम टॉकीज के पीछे

प्रमोद कुमार ओरके पिता रामायण सिंह ओरके उम्र 31 साल निवासी ग्राम पंचायत रंजना जिला कोरबा।

प्रकाश चंद्र मिरी पिता छतराम मिरी उम्र 33 साल निवासी ग्राम कुसमूल थाना डबरा जिला जांजगीर-चांपा।

शंकर कुमार राम पिता लोचन राम उम्र 37 साल निवासी ग्राम करणपुर थाना लीहापुर जिला मधुबनी (बिहार)

 

read more Chhatisgarh Samachar: किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 

2026 में अब तक 22 गिरफ्तारी

Chhattisgarh newsवर्ष 2026 में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट द्वारा ऑनलाइन सट्टे के 5 प्रकरणों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 2.14 करोड़ रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा और पेमेंट गेट-वे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button