टावर पर चढ़ा युवक, बोला- घर में पीने के लिए महुआ शराब बनाई, आबकारी विभाग के कर्मचारी मांग रहे 10 हजार रुपए,एक घंटे तक चला ड्रामा

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा (Korba) में आबकारी विभाग के कारगुजारी से परेशान एक आदिवासी (Tribal) शख्स ने आत्महत्या के इरादे से हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया. घंटों तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद ग्रामीणों की समझाइश पर वह नीचे उतरा. कोरबा के नकटीखार में लोग उस समय सकते में आ गए जब एक व्यक्ति हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया. बड़ी संख्या में लोग टावर के पास पहुंच गए और दूजराम के ड्रामे को देखते हुए नीचे उतर जाने को लेकर समझते नज़र आए.
दरअसल, नकटीखार निवासी दूजराम बिंझवार आबकारी विभाग के कर्मचारियों से परेशान होकर हाई टेंशन टावर पर चढ़ गए. उनका आरोप है कि आबकारी विभाग के कर्मचारी उनसे दस हजार रुपये की मांग कर रहे थे. अपने पीने के लिए महुआ शराब बनाने पर आबकारी विभाग के लोग कार्रवाई की धमकी देते हैं. उन्होंने बताया कि शाम तक दस हज़ार रुपए देने की बात से वह परेशान हो गए थे. इसलिए मरने की मंशा से टावर में चढ़ गया.
युवक ने कहा- देने के लिए रुपए नहीं, खेत तक गिरवी
युवक का आरोप है कि उसके घर पर आबकारी विभाग के कर्मचारी आए थे। वे महुआ शराब जब्त कर कार्यवाही की बात कहते हुए 10 हजार रु की मांग करने लगे। दुजराम का कहना है कि उाने अपने पीने के लिए ही घर में ही शराब बनाई थी। उसकी पत्नी की भी तबीयत खराब है और उसके इलाज में सारे रुपए खर्च हो चुके हैं। खेत को भी गिरवी रखा है। ऐसी स्थिति में वह मानसिक रूप से परेशान हो गया है और जान देना चाहता है।