लोगों के सहयोग से ही बनेगा स्वच्छता में रायगढ़ नंबर 1-कलेक्टर भीम सिंह… घटिया सड़क निर्माण की शिकायत पर उपअभियंता को नोटिस देने के निर्देश….

महासफाई अभियान के दूसरे दिन वार्ड 40 का कलेक्टर व मेयर ने किया निरीक्षण
RGHNEWS प्रशांत तिवारी महासफाई अभियान के दूसरे दिन बुधवार को वार्ड क्रमांक 40 में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कलेक्टर श्री भीम सिंह व मेयर श्रीमती जानकी काटजू, एमआईसी सदस्य श्री कमल पटेल, वार्ड पार्षद ने पूरे वार्ड का निरीक्षण कर लोगों से शहर को स्वच्छता मंे नंबर एक बनाए रखने की अपील की।
सबसे पहले वार्ड क्रमांक 40 के चूना भट्ठी से निरीक्षण शुरू हुआ। इस दौरान वार्ड के अंदर मुख्य मार्ग से शुरू होकर मोदीपारा क्षेत्र के कई गलियों में कलेक्टर, मेयर, एमआईसी सदस्य व अन्य जनप्रतीनिधियों ने करीब 4 किलोमीटर पैदल चल कर सफाई कार्य का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे व खाली प्लाट में डंप कचरे की तत्काल सफाई करने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह व मेयर श्रीमती काटजू ने दिए। निरीक्षण के दौरान जहां पर भी कचरा डंप मिला, वहां के आसपास के रहने वाले लोगों को बुलवाकर कलेक्टर श्री सिंह व मेयर श्रीमती जानकी काट्जू ने बातचीत की। इस दौरान लोगों से कचरा वाहनों को व रिक्शा को कचरा देने और कचरा कहीं भी नहीं फेंकने की कलेक्टर व मेयर ने अपील की। कलेक्टर श्री भीम सिंह व मेयर श्रीमती जानकी काट्जू ने कहा कि अपने घर को हम सभी स्वच्छ रखते हैं। इसीतरह अपने घर के बाहर आस-पास व पूरे शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। सभी शहर वासियों के सहयोग से ही रायगढ़ शहर को स्वच्छता में नबर वन बनाया जा सकता है। कलेक्टर श्री सिंह ने कचरा घरों के सामने व खाली प्लाट में कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने की बात कही। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह व मेयर श्रीमती काट्जू ने विभिन्न मोहल्ले के लोगों से कचरा वाहन व रिक्शा डेली आने, सूखा व गील कचरा हरा व नीला डस्टबीन में अलग-अलग देने, यूजर चार्जेस व सफाई संबंधित परेशानियों की चर्चा की। इसपर लोगों ने सूखा व गीला कचरा अलग-अलग देने और कचरा वाहन या रिक्शा हर रोज आने की बात कही। मोदीपारा शिव मंदिर के पीछे रहने वाले लोगों ने सड़क निर्माण व शौचालय निर्माण की मांग की, जिसपर वार्ड पार्षद श्री श्याम लाल साहू ने सड़क निर्माण के लिए स्टीमेट बनने व टेंटर प्रक्रिया होने की जानकारी दी। इसी तरह लोगों की मांग पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए स्टीमेट बनाने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने निगम के ईई श्री अजीत तिग्गा को दिए। इसके बाद सावित्री नगर होते हुए मोदीपारा ओपन प्लाट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विवाह समारोह में कचरा फैलाने पर सावित्री नगर के एक निवासी को नोटिस जारी करने और मोदी नगर के ओपन प्लाट पर कचरा फैलाने वालों से बातचीत कर कचरा को उठवाने के निर्देश कलेक्टर श्री भीम सिंह व मेयर श्रमती जानकी काट्जू ने दिए। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य विकास ठेठवार, स्वास्थ्य अधिकरी श्री जी. ईश्वर राव, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री भूपेश सिंह, स्वच्छता निरीक्षण श्री राजेश पाण्डेय सहित निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
रेलवे ट्रेक से लगे क्षेत्र का लिया जायजा
मोदीपारा सांई मंदिर के पास रेलवे ट्रेक के पास दादू जलतोर कच्चा मकान में निवास करता है। कलेक्टर श्री सिंह व मेयर श्रीमती काट्जू ने दादू जलतोर से स्वच्छता दीदी के रिक्शा को कचरा देने व डस्टबीन संबंधित बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कचरा वाहन नहीं आने और डस्टबीन नहीं होने की बात कही, जिसपर कलेक्टर श्री सिंह ने कचरा वाहन हर रोज उस गली में लाने और डस्टबीन देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान रेलवे ट्रेक से लगे नाले की सफाई संबंधित समस्या की बात पर कलेक्टर श्री सिंह ने क्षेत्र का भी निरीक्षण किया।
शिकायत मिलने पर वार्ड 39 का फिर किया गया निरीक्षण
अभियान का शुभारंभ वार्ड क्रमांक 39 से किया गया था। इस पर कलेक्टर व मेयर को दिए गए निर्देश का पालन नहीं होने और कचरा नहीं होने की शिकायत मिली, जिसपर कलेक्टर व मेयर सहित जनप्रतिनिधियों ने वार्ड 39 दशरथ पान ठेला गली व सोनी मोहल्ले का निरीक्षण किया। इस दौरान कचरा को समय पर उठाने और एक वार्ड में दो दिन अभियान चलाने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह व मेयर श्रीमती काट्जू ने दिए।
उपअभियंता को नोटिस
निरीक्षण के दौरान वार्ड के चूना भट्ठी गली में खराब सड़क निर्माण की शिकायत लोगों ने कलेक्टर व मेयर से की। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और संबंधित उपअभियंता के एक इंक्रीमेंट रोकने संबंधित नोटिस जारी करने के निर्देश ईई को दिए।



