दिल्ली में तय होगा छत्तीसगढ़ का CM कौन

छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री कौन होगा, यह भाजपा हाईकमान तय करेगा। दिल्ली में बैठक के बाद पर्यवेक्षक की घोषणा होगी। पर्यवेक्षक रायपुर आएंगे और 2-3 दिन में विधायक दल की बैठक होगी। इसमें ही CM के नाम की घोषणा होगी। सोमवार को प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन और सह चुनाव प्रभारी मनसुख मांडवीया दिल्ली रवाना हो गए हैं।
वहीं प्रदेश में सरकार बदलते ही इसके असर दिखाई देने लगे हैं। मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ आधा दर्जन अफसरों को हटा दिया गया है। इसमें मुख्यमंत्री के 4 OSD और 2 निजी सचिव हैं। प्रदेश के महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के इस्तीफा देने के घंटे भर बाद ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेज दिया।
भाजपा की स्वागत पार्टी अचानक टाली गई
रायपुर में सोमवार को भाजपा के विधायकों का एक स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था, लेकिन ऐन मौके पर इसे टाल दिया गया। अचानक बड़े नेता दिल्ली रवाना हो गए। प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, लता उसेंडी, सरोज पांडे, रामविचार नेताम सरीखे नेता उन्हें विदा करने एयरपोर्ट गए।
अरुण साव से मिले नव निर्वाचित विधायक अनुज शर्मा
बीजेपी की जीत के बाद ही नई सरकार बनाने के लिए मेल-मुलाकात का दौर चल रहा है। धरसींवा सीट से बीजेपी के टिकट पर जीतकर विधायक बने अनुज शर्मा ने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष और लोरमी से जीतने वाले अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को जीत और पार्टी की सरकार बनने की बधाई दी।
भूपेश के बाद महाधिवक्ता का इस्तीफा
भूपेश बघेल ने रविवार रात को ही राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके ठीक घंटे भर बाद ही छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता सतीशचंद्र वर्मा ने भी राज्यपाल को अपना इस्तीफा भेज दिया। उन्होंने लेटर में मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट के साथ ही अफसरों को भी धन्यवाद दिया है।
महाधिवक्ता सतीशचंद्र वर्मा ने लेटर में लिखा- मैं महाधिवक्ता पद से इस्तीफा दे रहा हूं। एक स्वस्थ परंपरा के रूप में इस्तीफा दे रहा हूं, ताकि नए मुख्यमंत्री के लिए अधिवक्ता के पद पर नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हो सके।



