15 दिन में 3 एक्ट्रेस ने की खुदकुशी 2 को बॉयफ्रेंड से धोखा मिला, एक सहेली के सुसाइड करने के अगले दिन फंदे पर झूली

बंगाली मॉडल मंजूषा नियोगी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। मंजूषा का शव पटोली स्थित उनके घर पर फंदे से लटका मिला है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पिछले 15 दिनों में बंगाली फिल्म इंडस्ट्री की 3 एक्ट्रेसेस की मौत हो हुई है। बीते दिन मंजूषा की दोस्त और एक्ट्रेस बिदिशा डे मजूमदार ने सुसाइड कर लिया था। वहीं 15 मई को पल्लवी डे की लाश उनके फ्लैट में पाई गई थी। उभरती मॉडल और एक्ट्रेसेस की आत्महत्या की खबरों ने बंगाली इंडस्ट्री में हर किसी को हैरान कर दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
शुक्रवार की सुबह जब मंजूषा अपने कमरे से बाहर नहीं आई तो उसके पेरेंट्स बेटी को कॉल कर रहे थे। जब कोई जवाब नहीं मिला तो मंजूषा के पेरेंट्स चिंतित हो उठे और जब बेटी के बेडरूम में देखा तो बेटी का शव फंदे से लटका था। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में तफ्तीश शुरू कर दी है।
दोस्त की मौत से डिप्रेशन में थीं मंजूषा
मंजूषा नियोगी पेशे से एक मॉडल और एक्ट्रेस थीं। मंजूषा हाल ही में टीवी शो कांची में नर्स के किरदार में नजर आई थीं। इसके साथ ही उन्होंने कई शोज में छोटे-मोटे रोल भी किए हैं। वहीं मंजूषा की मां ने पुलिस को बताया कि वह दोस्त बिदिशा की मौत के बाद से डिप्रेशन में थी।
21 साल की बिदिशा ने की सुसाइड
बुधवार की शाम को दमदम के नागरबाजार में मंजूषा की दोस्त और मॉडल बिदिशा के शव को उनके रेंटेड अपार्टमेंट में फंदे से लटका पाया गया। बिदिशा की उम्र 21 साल थी। एक्ट्रेस डेढ़ महीने पहले ही इस फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिदिशा के अपार्टमेंट से पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। बिदिशा की फैमिली और उनके फ्रेंड्स ने बताया है कि उनके रिलेशनशिप में कोई परेशानी चल रही थी, जिस वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
बॉयफ्रेंड से बिगड़ते रिश्ते के कारण परेशान थीं बिदिशा
बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस एक जिम ट्रेनर के साथ रिलेशनशिप में थीं। दोनों के रिश्ते में कुछ ठीक नहीं चल रहा था, जिस वजह से बिदिशा काफी परेशान थीं। बिदिशा का बॉयफ्रेंड उनके साथ रिलेशन में होने के बाद भी कई लड़कियों को डेट कर रहा था। इस वजह से दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी। बिदिशा के एक करीबी दोस्त ने इस बारे में बताया कि एक्ट्रेस ने अपने बिगड़ते रिलेशन के बारे में उनसे बात भी की थी। हालांकि, बिदिशा को अपनी प्रोफेशनल लाइफ में कोई दिक्कत नहीं थी, क्योंकि उन्हें लगातार काम मिल रहा था। वे अपने रिलेशनशिप के कारण परेशान चल रही थीं।
पल्लवी डे ने किया सुसाइड
इसी महीने की 12 तारीख को पल्लवी डे की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। एक्ट्रेस का शव उनके फ्लैट में फंदे पर लटकता पाया गया था। हालांकि, कुछ दिनो बाद पल्लवी के लिव-इन-पार्टनर साग्निक चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक्ट्रेस के घरवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने बताया कि साग्निक पहले से शादीशुदा था, जिससे कपल के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था।