*✍️बड़ा हादसा! नदी में नाव पलटने से 22 लोग डूबे, एक बच्ची का शव बरामद….*

मोतिहारी. बिहार के पूर्वी चंपारण में रविवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया. मोतिहारी के शिकारगंज थाना इलाके के गोढ़िया में सिकरहना नदी में नाव पलट गई. इसके कारण नाव में सवार 22 लोग नदी में डूब गए. नाव पलटने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों के ग्रामीण मौक पर पहुंच गए. पुलिस-प्रशासन को भी सूचना दी गई. ग्रामीणों ने नदी में डूबे लोगों की तलाश शुरू कर दी. अभी तक नदी से सिर्फ एक शव के बरामद होने की खबर है. वहीं 5 अन्य लोगों को पानी से निकालकर इलाज के लिए पास के अस्पताल में भेजा गया है.
सिकहराना नदी में नाव पलटने की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर की गांवों के सैकड़ों लोग जुट गए. प्रशासन के अमले के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर नदी में डूबे लोगों को निकालने का काम शुरू कर दिया. जिन लोगों को तैरना आता था, सभी नदी में कूद पड़े और डूबे हुए लोगों की तलाश शुरू कर दी. ताजा जानकारी मिलने तक नदी से एक बच्ची का शव बरामद किया गया है. वहीं पांच अन्य लोगों को भी ग्रामीणों ने नदी से निकाल कर इलाज के लिए भेज दिया.



