*✍️अगर ये मेरी न हो सकी तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा….किसी ने नही ली बात को गंभीरता से और फिर प्रेमिका की हो गयी हत्या….जाने पूरा मांजरा….*

RGHNEWS जवां के गांव गढ़िया निवासी वीनेश उर्फ बंटी पुत्र लटूरी सिंह को करीब तीन साल पहले पड़ोस में रहने वाली मछला (20) पुत्री राजेश सिंह से प्यार हो गया। दोनों एक-दूसरे से मिलने लगे, तो गांव में चर्चा आम हो गई। गांव में पंचायत हुई, जिसमें प्रेमिका ने प्रेमी से शादी करने की बात कही, लेकिन परिवार वाले राजी नहीं हुए। इसके बाद भी दोनों का मिलना जुलना जारी रहा। इसी दरमियान दोनों के बीच ऐसी खटास पैदा हो गई कि मछला ने बंटी से शादी करने से इनकार कर दिया। इसको लेकर कई बार दोनों परिवारों में झगड़ा हुआ। पिता ने दो माह पहले मछला को बड़ी बेटी गुड्डी की ससुराल नगरिया थाना छतारी भेज दिया।
करीब आठ दिन पहले मछला घर लौटकर आई तो प्रेमी फिर से शादी करने का दबाव बनाने लगा। इसको लेकर दोनों परिवारों में गुरुवार शाम झगड़ा हुआ। बंटी ने एलान कर दिया कि ‘मैं इसे (मछला को) कल तक मार दूंगा, अगर ये मेरी न हो सकी तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा’। बंटी की इस धमकी को किसी ने गंभीरता से नहीं लिया।
शुक्रवार को राजेश सिंह परिवार के साथ खेत पर धान रोपने गया था। खेत पर राजेश ने मछला को चिकनी मिट्टी लेकर घर भेज दिया। उसके पीछे छोटी बेटी मीनेश को बाजरा लेने घर भेजा। मीनेश ने बताया कि जैसे ही मछला कमरे में पहुंची, वहां पहले से मौजूद बंटी ने उसे दबोच लिया और बांक (दांव, मीट काटने वाला औजार) से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। जब मछला खून से लथपथ होकर गिर पड़ी, तब वह दीवार फांदकर भाग गया। मीनेश के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
सूचना पर थानाध्यक्ष अमित यादव पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा है कि मछला की शादी परिवार वाले बड़ी बहन गुड़िया के देवर से करना चाहते थे, जिसकी भनक वीनेश को लग गई थी। राजेश सिंह ने वीनेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है।