हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, मसाज पार्लर की आड़ में चल रहा था जिस्मफरोशी का धंधा, ऑनलाइन एप पर होती थी बुकिंग

RGHNEWS,6फरवरी2022,लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर एक हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। शहर के गोमतीनगर इलाके में मसाज पार्लर की आड़ में सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। इसकी जानकारी लगने पर पुलिस ने दबिश देकर आठ युवतियों और छह युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं मौके से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के पीकेजी मसाज पार्लर में काम करने वाली एक महिला ने पुलिस को सेक्स रैकेट संचालित होने की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की थी। एडीसीपी पूर्वी कासिम आब्दी के मुताबिक, बीबीडी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती पीकेजी मसाज पार्लर में काम करती है। युवती ने शिकायत की थी कि छह महीने पहले पीकेजी मसाज पार्लर ने कॉल कर उसे जॉब का ऑफर दिया गया था। वह वहां जॉब की तलाश में गई तो वहां उसे बंधक बना लिया गया। इसके बाद गोमती नगर विरामखंड-2 स्थित एक मकान में बंधक रखा गया जहां पर सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था। वहां से किसी तरह युवती भाग निकली। इसके बाद पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के कार्यालय पहुंचकर शिकायत की जिस पर उन्होंने क्राइम ब्रांच व एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव को इस रैकेट के खुलासे के लिए लगाया। बृहस्पतिवार को दबिश दी गई। मौके से छह युवक दबोचे गए।
पुलिस के मुताबिक, मसाज पार्लर के संचालक ने एक ऑनलाइन एप बना रखा था जिसके जरिए वह कस्टमर की बुकिंग करता था। इसी एप के जरिए युवतियों की फोटो भेजी जाती थी। वहीं दाम भी तय किए जाते थे। सब कुछ तय होने के बाद कस्टमर के बताए गए स्थान पर युवती भेजी जाती थी। जो युवती इसका विरोध करती थी, उसे धमकाया और पीटा जाता था।



