Advertisement Carousel
Advertisement Carousel
अन्य खबर

सड़कों पर उतरे भाजपाई,जांजगीर में कार्यकर्ताओं और पुलिस में झड़प, रायगढ़ में महिला बेहोश हुई

छत्तीसगढ़ में धरना-प्रदर्शन को लेकर जारी सरकारी आदेश के खिलाफ BJP का सोमवार को प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन जारी है। रायपुर में करीब दो घंटे से चल रहे प्रदर्शन के बाद पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित करीब 2000 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। बृजमोहन काले गुब्बारे लेकर सेंट्रल जेल परिसर में बैठे हुए हैं। वहीं जांजगीर में कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ रहे भाजपाइयों ने बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। रायगढ़ में भी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलासपुर और दुर्ग में भी प्रदर्शन जारी है।

इससे पहले पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता और नेता सड़क पर उतर आए। कालीबाड़ी से सीएम हाउस जाने के लिए मार्च शुरू हो गया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेड लगाए। इसके बाद भी वह पुलिस को चकमा देकर नारेबाजी करते हुए घड़ी चौक तक पहुंच गए। पुलिस वहां उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड पर चढ़ गए। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हंगामा होने लगा। भाजपाई काला कानून वापस लो जैसे नारे लगाने लगे।

भाजपा नेताओं के लिए ये जेलभरो अंदोलन चुनावी सक्रियता का बिगुल भी है। सभी बड़े नेता इस विरोध प्रदर्शन में पूरा जोर लगाते दिखाई दिए। बाकायदा बैठक लेकर सभी दिग्गजों को उनकी जिम्मेदारी दी गई थी।जेल भरो मार्च करने के लिए भाजपा नेता तेलीबांधा, कालीबाड़ी, आजाद चौक, फाफाडीह की सड़कों पर जमा हुए। प्रदर्शन के लिए अलग-अलग जिलों में तैयारियां की गई। रायपुर में सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित तमाम नेता सड़क पर उतरे।

रायगढ़ : महिला कार्यकर्ता बेहोश हुई

रायगढ़ में गांधी पुतला चौक स्थित भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ता एकत्र हुए। वहां से कलेक्ट्रेट के लिए बढ़े तो कंट्रोल रूम के पास बैरिकेड की दो स्तर पर रास्ता रोका गया था। हालांकि कार्यकर्ताओं ने उसे तोड़ दिया और आगे बढ़ने लगो। इस दौरान दोनों ओर से जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस बीच दो महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गईं। उन्हें पुलिसकर्मी प्राथमिक उपचार के लिए लेकर गए। बाकी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उन्हें बस में भरकर कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए अस्थाई जेल ले जाया गया।

जांजगीर : भाजपाइयों ने बैरिकेड तोड़ा, अस्थाई जेल ले जाए गए

जांजगीर में भाजपा नेताओं ने सरकारी आदेश को लोकतंत्र की हत्या बताते हुए सड़क पर प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर सैकड़ों की तादाद में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़ गए और उसे तोड़ दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी गिर पड़े और उन्हें पैर में चोट आई है। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें बीडी महंत बालोद्यान में बनाए गए अस्थाई जेल लाया गया है।

इस फैसले का विरोध

पिछले दिनों गृह विभाग की तरफ से एक आदेश भी जारी किया गया। इसमें तमाम धरना, निजी, सार्वजनिक कार्यक्रम, धार्मिक, राजनीतिक कार्यक्रमों, जुलूस, रैली, भूख हड़ताल जैसे कार्यक्रमों को लेकर एक गाइडलाइन जारी की गई है। इसमें प्रदेश के सभी कलेक्टर और एसपी को निर्देशित किया गया। यह कहा गया है कि सभी सार्वजनिक आंदोलन, धरना प्रदर्शन, राजनीतिक कार्यक्रम वगैरह अब जिला प्रशासन से बिना अनुमति के आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। सरकार के इसी फैसले का विरोध भाजपा कर रही है।

Related Articles

Back to top button