सरकार आज से दे रही है इतने रूपया सस्ता सोना खरीदने का मौका,जानें कैसे करें खरीदारी

नई दिल्ली. अगर आप भी सोने में निवेश (Gold investment) करने चाहते हैं तो ये खबर आपके काम की है. दरअसल, सरकार आज से एकबार फिर सोने में निवेश करने का मौका दे रही है. सरकारी सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम 2021-22 (Sovereign Gold Bond Scheme 2021-22) की आठवीं किस्त 29 नवंबर से ओपन हो रही है. सस्ते सोने (Cheap Gold) की स्कीम 5 दिन सब्सक्रिप्शन के लिए खुली रहेगी.
जानिए कितनी है कीमत?
सरकारी स्वर्ण बॉन्ड योजना 2021-22 के लिए मूल्य दायरा 4,791 प्रति ग्राम तय किया गया है. सरकार ने रिजर्व बैंक के साथ विचार-विमर्श में ऑनलाइन अप्लाई करने वाले और डिजिटल तरीके से पेमेंट करने वाले निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का भी फैसला किया है. ऐसे निवेशकों के लिए निर्गम मूल्य 4,741 रुपये प्रति ग्राम होगा.
3 दिसंबर को होगा बंद
भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) के मुताबिक, यह योजना 29 नवंबर 2021 को खुलेगी और 3 दिसंबर 2021 को बंद होगी. बॉन्ड के लिए आवेदन 29 नवंबर से पांच दिन तक दिया जा सकेगा. गोल्ड बॉन्ड्स की अवधि आठ सालों की होगी. इसके साथ पांचवें साल के बाद एग्जिट ऑप्शन मिलेगा, जिसे अगली ब्याज के भुगतान की तारीख पर इस्तेमाल किया जा सकता है. निवेशकों को सालाना 2.50 फीसदी की तय दर पर ब्याज मिलेगी, जिसका भुगतान साल में दो बार किया जाएगा.
निवेशक यहां से खरीद सकेंगे बॉन्ड
अगर आप सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेश करना चाहते हैं तो इसकी खरीदारी बॉन्ड स्टॉक होल्डिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, नामित डाकघरों और मान्यता प्राप्त स्टॉक एक्सचेंजों, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज लिमिटेड से खरीद सकते हैं. कोई भी व्यक्ति और हिंदू अविभाजित परिवार मैक्सिमम चार किलोग्राम मूल्य तक का बॉन्ड खरीद सकता है जबकि ट्रस्ट और समान संस्थाएं के लिए खरीद की मैक्सिमम लिमिट 20 किलोग्राम है.
2015 में लॉन्च हुई थी स्कीम
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम को नवंबर 2015 में लॉन्च किया गया था. इसका मकसद फिजिकल गोल्ड की डिमांड को कम करना और घरेलू बचत में से जिस हिस्से का इस्तेमाल सोने की खरीदारी के लिए इस्तेमाल किया जाता है, उसे वित्तीय बचत में लगाना था.
कितना खरीद सकते हैं सोना
इसमें व्यक्ति कम से कम एक ग्राम सोने का निवेश कर सकता है. इसके साथ हिंदू अनडिवाइडेड फैमिली या HUF 4 किलोग्राम और ट्रस्ट और समान इकाई अप्रैल से मार्च तक हर वित्त वर्ष 20 किलोग्राम का निवेश कर सकते हैं.
बॉन्ड भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा भारत सरकार की ओर से जारी किया जाता है. इसके लिए सोने का भाव सदस्यता अवधि से पहले के सप्ताह के अंतिम तीन कार्य दिवसों के लिए भारतीय सर्राफा एवं आभूषण संघ लिमिटेड द्वारा प्रकाशित 999 शुद्धता वाले सोने के बंद भाव के औसत के बराबर होगा.



