श्रेयस अय्यर करने जा रहे हैं डेब्यू,पहले टेस्ट मैच के लिए ऐसी हो सकती हैं टीम इंडिया की प्लेइंग XI

नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को 25 नवंबर से कानपुर में पहला टेस्ट मैच (India vs New Zealand) खेला जाना है. पहले टेस्ट मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लग चुका है. टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) चोट की वजह से सीरीज से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को टीम में शामिल किया गया है. विश्व चैंपियन न्यूजीलैंड टीम के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) को कुछ बड़े फैसले लेने होंगे. यह तय है कि शुभमन गिल (Shubman Gill) अब पहले टेस्ट में मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) के साथ ओपनिंग करेंगे, लेकिन यह तय नहीं है कि नंबर 4 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? रहाणे और कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) को श्रेयस अय्यर या सूर्यकुमार यादव में से किसी एक को चुनना था, लेकिन मैच से एक दिन पहले अजिंक्य रहाणे ने श्रेयस अय्यर के डेब्यू को लेकर बयान दे दिया है.
श्रेयस अय्यर अपने कंधे की सर्जरी के बाद से संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने टीम में अपना दावा वापस मजबूत करने के लिए बहुत अधिक रन नहीं बनाए हैं. साथ ही वह लंबे समय से चयनकर्ताओं के रडार पर हैं.
घरेलू सर्किट में श्रेयस अय्यर के शानदार खिलाड़ी हैं. उन्होंने 81.54 की स्ट्राइक रेट के साथ 52.18 की औसत से 4,500 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 54 मैचों में 12 शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि, टेस्ट टीम में कई नए खिलाड़ियों की तरह श्रेयस अय्यर ने भी पिछले 24 महीनों में कोई रेड-बॉल क्रिकेट नहीं खेला है. आखिरी बार उन्होंने प्रथम श्रेणी मैच 2019 में ईरानी कप में खेला था. जहां तक सूर्यकुमार यादव का सवाल है, उनके पास अय्यर जैसा शानदार रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन उनका मौजूदा फॉर्म कुछ ऐसा है जो मदद करेगा. उनकी सफेद गेंद की फॉर्म प्रशंसनीय रही है. हालांकि, अब कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे ने साफ कर दिया है कि श्रेयस अय्यर डेब्यू करने जा रहे हैं. ऐसे में उनके नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है.
पहले टेस्ट मैच के लिए ऐसी हो सकती हैं टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग XI:
मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, मोहम्मद सिराज, इशांत शर्मा.

