शरणार्थियों की नौका पलटने से 13 लोगों की मौत

एथेंस, एजियन सागर में शुक्रवार देर रात शरणार्थियों की एक नौका के पलट जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और इसी के साथ यूनानी जल क्षेत्र में शरणार्थियों को ले जा रही नौकाओं संबंधी हालिया तीन हादसों में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई।
यूनान में पूर्वी एजियन द्वीप पर भारी गश्त की जाती है, क्योंकि यह द्वीप वर्षों तक शरणार्थी संकट से जूझता रहा है। ऐसे में तस्कर इसके बजाए तुर्की से इटली का मार्ग चुन रहे हैं, जो अत्यधिक खतरनाक है और इसी कारण हाल में ये हादसे हुए।
तटरक्षक बल ने बताया कि मध्य एजियन में पारोस द्वीप से करीब आठ किलोमीटर दूर शुक्रवार देर रात नौका पलट जाने के बाद 62 लोगों को बचाया गया। हादसे में जीवित बचे लोगों ने तटरक्षक बल को बताया कि पोत पर करीब 80 लोग सवार थे।
प्राधिकारियों ने बताया कि तटरक्षक बल की पांच नौकाओं, नौ निजी पोतों, एक हेलीकॉप्टर, एक सैन्य विमान और तटरक्षक बल के गोताखोरों ने रात भर बचाव अभियान में भाग लिया।