वेंकटेश अय्यर फेल! टीम को मिली हार

जयपुर. वेंकटेश अय्यर (Venkatesh Iyer) विजय हजारे वनडे टूर्नामेंट के नाॅकआउट मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके. इस कारण टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में उप्र से हार गई. मैच में (Vijay Hazare Trophy) मप्र ने पहले खेलते हुए 234 रन का स्कोर खड़ा किया. जवाब में उप्र ने लक्ष्य को 49.1 ओवर में 5 विकेट पर हासिल कर लिया. रिंकू सिंह 58 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले अय्यर ने लीग राउंड में बल्ले और गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था. अन्य 2 मुकाबलों में कर्नाटक और विदर्भ ने जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली है.
मैच में उप्र ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. मप्र की टीम 49.2 ओवर में 234 रन बनाकर आउट हो गई. शुभम शर्मा ने सबसे अधिक 83 रन बनाए. उन्होंने 99 गेंद का सामना किया. 10 चौके जड़े. रजत पाटीदार ने भी 46 रन की पारी खेली. टीम का स्कोर एक समय 3 विकेट पर 199 रन था. टीम ने अंतिम 7 विकेट 35 रन पर गंवा दिए. वेंकटेश अय्यर 28 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हुए. उन्हाेंने एक चौका और एक छक्का लगाया. उप्र की ओर से यश दयाल ने 35 रन देकर 3 विकेट लिए. भुवनेश्वर कुमार और शिवम मावी को भी 2-2 विकेट मिले.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी उप्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. टीम ने 43 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद अक्षदीप नाथ और रिंकू सिंह ने टीम को संभाला. समीर रिजवी 38 रन बनाकर आउट हुए. अब स्कोर 4 विकेट पर 101 रन हो गया था. अक्षदीप और रिंकू ने 5वें विकेट के लिए 97 रन जोड़े. अक्षदीप 92 गेंद पर 78 रन बनाकर आउट हुए. वहीं रिंकू सिंह 64 गेंद पर 58 रन बनाकर नाबाद लौटे. भुवनेश्वर कुमार भी 16 रन बनाकर नाबाद रहे.