विराट कोहली ने सूर्यकुमार यादव के लिए किया था ‘बलिदान

जयपुर. सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले (India vs New Zealand) में अपने पसंदीदा तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए सहज महसूस किया लेकिन उन्हें अच्छी तरह पता है कि अगले टी20 विश्व कप तक (T20 World Cup) भारतीय टीम की जरूरतों को देखते हुए आगामी दिनों में उन्हें लचीलापन दिखाना होगा. सूर्यकुमार हाल में संपन्न टी20 विश्व कप में छाप नहीं छोड़ पाए, क्योंकि भारत ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया. विराट कोहली (Virat Kohli) ने नामीबिया के खिलाफ अंतिम मैच में अनुभव के लिए सूर्यकुमार को अपने से ऊपर तीसरे नंबर पर भेजा और उन्होंने नाबाद 25 रन बनाए. सूर्यकुमार ने कहा, ”जब मैं पीठ में जकड़न के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ नहीं खेल पाया तो काफी निराश था. मैं विश्व कप में छाप छोड़ना चाहता था जो नहीं कर पाया. उनका (कोहली) आभारी हूं.”
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहले टी20 मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, ”जब मैंने पदार्पण किया था तो विराट कोहली ने अपनी जगह का बलिदान करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ मुझे तीसरे नंबर पर भेजा था और खुद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी. (विश्व कप के दौरान) उन्होंने मेरे से पूछा कि क्या मैं बल्लेबाजी के लिए जाना चाहता हूं तो मैंने कहा क्यों नहीं. उस मैच में मैंने नाबाद लौटने का लुत्फ उठाया
सीमित ओवरों के क्रिकेट में भविष्य के स्टार माने जा रहे सूर्यकुमार ने पहले टी20 में 40 गेंद में 62 रन की पारी खेलकर भारत की पांच विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाई. मुंबई का यह बल्लेबाज विराट कोहली की जगह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरा. कोहली को इस सीरीज से आराम दिया गया है. सूर्यकुमार ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए प्रभावित किया
सूर्यकुमार ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ”मैंने पारी का आगाज करने से लेकर सातवें स्थान तक बल्लेबाजी की है. बल्लेबाजी क्रम को लेकर मैं काफी लचीलापन दिखाता हूं. मैं अपनी फ्रेंचाइजी (आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स) के लिए पिछले तीन साल से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहा हूं इसलिए मैंने अधिक अंतर महसूस नहीं किया.”

