विराट कोहली के कोच ने भुवनेश्वर और शमी के प्रदर्शन पर उठाए सवाल,उन्होंने टीम के प्रदर्शन को लेकर कई अहम बातें कहीं

नई दिल्ली. टीम इंडिया (Team India) का प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप में अच्छा नहीं रहा है. टूर्नामेंट के (T20 world Cup 2021) दाेनों शुरुआती मैच में टीम को हार मिली थी. हालांकि टीम अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड के खिलाफ जीतने में सफल रही. टीम के प्रदर्शन पर कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के शुरुआती दिनों के कोच और द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता राजकुमार शर्मा (Rajkumar Sharma) ने कहा कि टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) और मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) को लेकर उन्हाेंने कहा कि उनकी जगह दूसरे गेंदबाज को मौका मिलना चाहिए. उन्होंने टीम के प्रदर्शन को लेकर कई और अहम बातें कहीं. इसे विस्तार से पढ़िए:
सवाल: भारतीय टीम के टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन को आप किस तरह से देखते हैं?
जवाब: थोड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि जिस तरह से हम पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से हारे हैं, उसकी कतई उम्मीद नहीं थी. भारत खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में टूर्नामेंट में उतरा था, लेकिन प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और यह चिंता का विषय है. मुझे उम्मीद थी कि पहले मैच के बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ वापसी करेगी, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हुआ. हम एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में नहीं खेले और गेंदबाजी भी अच्छी नहीं रही. कुल मिलाकर पूरी टीम का प्रदर्शन ही अच्छा नहीं रहा, जो परिणाम में भी साफ नजर आता है.
सवाल: टीम के चयन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. क्या आपको लगता है कि चयन में कुछ खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया गया?
जवाब: मुझे नहीं लगता कि टीम चयन सही नहीं था. सेलेक्टर कई बार जैसा सोचते हैं, वैसा नहीं हो पाता है. वर्तमान फॉर्म को देखते हुए तो बेहतर चयन ही किया गया था, लेकिन हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा. आप यह कह सकते हैं कि लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल होते तो वह शायद काफी कामयाब होते. उन्होंने आईपीएल में भी अच्छा प्रदर्शन किया था. हार्दिक पंड्या गेंदबाजी नहीं कर रहे थे और इसलिए उनके चयन पर भी सवाल उठे थे.
सवाल: भारतीय टीम का आगे भी व्यस्त कार्यक्रम है. अब न्यूजीलैंड की टीम भारत आएगी. टी20 वर्ल्ड कप के प्रदर्शन को देखते हुए आपको टीम में किस तरह के बदलाव नजर आते हैं
जवाब: मुझे लगता है कि टीम में कुछ बदलाव होंगे और यह स्वाभाविक भी है. जैसे भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी टी20 फाॅर्मेट में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं तो भारतीय सेलेक्टर नए गेंदबाजों को मौका दे सकते हैं, जो टी20 के लिए अच्छे हों. शमी टेस्ट मैचों के बेहतरीन गेंदबाज हैं, लेकिन शायद टी20 में वह उतने कामयाब नहीं रहे.
सवाल: इंडियन प्रीमियर लीग और घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन के आधार पर आपको कौन से ऐसे खिलाड़ी नजर आते हैं, जो भारतीय टीम में जगह बना सकते हैं?
जवाब: ऋतुराज गायकवाड़ बहुत शानदार बल्लेबाज हैं. मुझे लगता है कि मोहम्मद सिराज ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. दिल्ली के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी हैं. उनका भी प्रदर्शन बहुत शानदार रहा है. केकेआर की तरफ से पारी का आगाज करने वाले वेंकटेश अय्यर हैं. वह ऑलराउंडर का अच्छा विकल्प हो सकते हैं.
सवाल: विराट कोहली टी20 वर्ल्ड कप के बाद कप्तानी छोड़ देंगे. क्या उन्हें नए कोच, नए कप्तान या यूं कहें कि नई परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में किसी तरह की परेशानी होगी?
जवाब: मुझे ऐसा नहीं लगता। विराट कोहली को किसी तरह की समस्या नहीं होनी चाहिए. राहुल द्रविड़ कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और उनकी कप्तानी में तो वह आरसीबी की तरफ से काफी मैच खेले हैं. उनके साथ कोहली का बहुत अच्छा तालमेल है. वह राहुल द्रविड़ का बहुत सम्मान करते हैं. द्रविड़ से बेहतर कोच भारतीय टीम के लिए कोई और नहीं हो सकता. जहां तक कप्तान का सवाल है तो अभी तक सेलेक्टर्स ने तय नहीं किया है कि रोहित शर्मा को टी20 का कप्तान बनाना है या केएल राहुल को. फिर दो प्रारूपों में तो वह कोहली कप्तान हैं ही. सभी खिलाड़ी उनका सम्मान करते हैं और यह उनका अपना फैसला है.

