विराट कोहली अब छोड़ सकते हैं टेस्ट की कमान, ये है 5 बड़ी वजह

नई दिल्ली. विराट कोहली (Virat Kohli) को वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया है. उनकी जगह रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को टीम इंडिया का नया कप्तान बनाया गया है. कोहली ने वर्कलोड मैनेजमेंट का हवाला देते हुए टी20 टीम की कप्तानी पहले ही छोड़ दी थी. लेकिन वे वनडे और टेस्ट के कप्तान बने रहना चाहते थे. लेकिन बीसीसीआई (BCCI) ने उनसे वनडे टीम की कप्तानी छीन ली है. अब जबकि टीम इंडिया को राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) के रूप में नया कोच मिल गया है. ऐसे में कोहली टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ सकते हैं. आइए आपको इसके 5 बड़े कारण बताते हैं.
पहला: विराट कोहली 2019 के बाद से इंटरनेशनल क्रिकेट में शतक नहीं लगा सके हैं. ऐसे में खुद पर से दबाव हटाने और बल्लेबाजी पर फोकस करने के लिए वे ऐसा कर सकते हैं.
दूसरा: राहुल द्रविड़ के रूप में टीम इंडिया को नया कोच मिला है. पूर्व कोच रवि शास्त्री के साथ विराट कोहली की बॉन्डिंग अच्छी थी. ऐसे में नए मैनेजमेंट के आते ही कोहली 2 फॉर्मेट की कप्तानी से हट चुके हैं. यानी उनका कद घटा है. ऐसे में उन पर टेस्ट में बतौर कप्तान अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव रहेगा.
तीसरा: कोरोना के बीच विराट कोहली मानसिक स्वास्थ्य और वर्कलोड मैनेजमेंट की बात करते रहे हैं. लंबे समय तक खिलाड़ियों का बायो बबल में रहना आसान नहीं हैं. ऐसे में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप को देखते हुए टीम को लगातार सीरीज खेलनी है. ऐसे में कोहली के टेस्ट की कप्तानी छोड़ने के पीछे यह भी बड़ी वजह हो सकती है.
चौथा: विराट कोहली से वनडे टीम की कप्तानी छीने जाने का मतलब है कि बीसीसीआई ने उन्हें साफ तौर पर मैसेज भेज दिया है. ऐसे में सेलेक्टर्स से लेकर बोर्ड के अधिकारियों तक का बतौर कप्तान उन पर से विश्वास कम हुआ है.
पांचवां: विराट कोहली ने बतौर कप्तान तीनों फॉर्मेट में उपलब्धि हासिल की. लेकिन वे बड़ी ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हुए हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी टीम हार गई थी. वे आईपीएल में भी बतौर कप्तान खिताब नहीं जीत सके हैं. ऐसे में इन सबका दबाव भी उन पर होगा.