रोहित की कप्तानी में क्लीन स्वीप हुई कीवी आर्मी,आखिरी मैच 73 रनों से जीता

नई दिल्ली: भारत-न्यूजीलैंड टी-20 सीरीज (India vs New Zealand T20 Series) के आखिरी मैट में रोहित की आर्मी ने बाजी मार ली है. कोलकाता (Kolkata) ईडन गार्डंस (Eden Gardens) में कीवी आर्मी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया.
रोहित की कप्तानी में शानदार जीत
तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 73 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दे दी और सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया. 185 रन के टारगेट का पीछा करते हुए पूरी कीवी टीम 17.2 ओवर में 111 रन पर ऑल आउट हो गई.
पहली बार क्लीन स्वीप
न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीसरी जीत के साथ ही टीम इंडिया और कप्तान रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया है। दरअसल, ये पहला मौका है जब भारत ने न्यूजीलैंड को अपनी सरजमीं पर टी-20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया हो। 2012 में पहली बार दोनों देशों के बीच घरेलू सीरीज खेली गई थी। उस समय एमएस धोनी टीम के कप्तान थे और कीवी टीम ने दो मैचों की सीरीज में भारत को 1-0 से हराया था। वहीं, 2017 में टीम इंडिया ने विराट कोहली की कप्तानी में 3 मैचों की सीरीज में NZ को 2-1 से मात दी थी। भारत ने सीरीज जरूर जीती थी, लेकिन क्लीन स्वीप का मौका टीम को नहीं मिल सका था, लेकिन इस बार रोहित एंड कंपनी ने 3-0 से सीरीज जीतकर इतिहास रचा।
रोहित की शानदार फिफ्टी
टीम इंडिया (Team India) की तरफ से रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने सबसे ज्यादा रन बनाए. ‘हिटमैन’ ने 31 गेंदों में 180.64 की जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 5 चौके और 3 छक्के की मदद से धमाकेदार 56 रन जोड़े. और ईशान किशन (Ishan Kishan) 21 गेंदो में 29 रन बनाकर आउट हुए वहीं, सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए और ऋषभ पंत भी 4 रन ही बना पाए. श्रेयस अय्यर ने 25, वेंकटेश अय्यर ने 20, दीपक चाहर 21 और हर्षल पटेल ने 18 रनों का योगदान दिया. इस तरह निर्धारित 20 ओवर में भारत ने 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए.
टॉस के बॉस
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने लगातर तीसरे मैच में टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. हिटमैन ने कहा कि भले ही पिच की कंडीशन बाद में बैटिंग करने की है, लेकिन हम खुद को चैलेंज करना चाहते हैं, और देखना चाहते हैं कि मुश्किल हालात में हम कैसा प्रदर्शन करते हैं. रोहित का ये दांव उनके फेवर में गया.
ईशान और चहल की वापसी
टीम इंडिया में 2 बदलाव किए गए हैं, केएल राहुल और रविचंद्रन अश्विन को आराम दिया गया है, उनकी जगह ईशान किशन और युजवेंद्र चहल की वापसी हुई है. इस मैच न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी को आराम दिया है, उनकी जगह मिशेल सेंटनर लीडरशिप की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और लोकी फर्ग्युसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.
टीम इंडिया की शानदार बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले खेलते हुए भारतीय टीम की शुरुआत जोरदार रही। पहले विकेट के लिए रोहित शर्मा और ईशान किशन ने 38 गेंदों पर 69 रन जोड़े। यह जोड़ी कीवी टीम के लिए खतरनाक साबित हो रही थी, लेकिन मिचेल सेंटनर ने ईशान (29) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। चार गेंदों के बाद ही सेंटनर ने सूर्यकुमार यादव (0) का विकेट चटकाया। कप्तान सेंटनर यहीं नहीं रुके और अपने अगले ही ओवर में उन्होंने पिछले दोनों मैचों में विनिंग शॉट लगाने वाले ऋषभ पंत (4) को आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।
रोहित शर्मा ने शानदार बैटिंग करते हुए 27 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। हालांकि, वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और 56 रन बनाकर ईश सोढी की गेंद पर आउट हुए। NZ को 5वीं सफलता ट्रेंट बोल्ट ने वेंकटेश अय्यर (20) को आउट कर दिलाई। वेंकटेश के आउट होने के दो गेंदों के बाद ही एडम मिल्ने ने श्रेयस अय्यर (25) को आउट कर मैदान से बाहर भेजा। हर्षल पटेल (18) के स्कोर पर हिट-विकेट आउट हुए। अंतिन ओवर में दीपक चाहर ने 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 19 रन बनाए।

