राहुल द्रविड़ ने रहाणे के खराब फॉर्म पर कही बड़ी बात

कानपुर. राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को मैच विजेता करार देते हुए कहा कि टेस्ट क्रिकेट में देश का तीसरा सबसे सफल गेंदबाज बनने की उपलब्धि बेहद ही खास है. अश्विन (R Ashwin) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन टॉम लाथम को आउट कर अपना 418 वां टेस्ट विकेट लिया और हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) को पीछे छोड़ दिया. वह अब अनिल कुंबले (619) और कपिल देव (434) से ही पीछे हैं. द्रविड़ ने कहा कि लगातार सुधार के कारण अश्विन यहां तक पहुंच सके हैं. हालांकि पहला टेस्ट ड्रॉ रहा.
टीम इंडिया(team india) के कोच राहुल द्रविड़ ने मैच के बाद कहा, ‘मुझे लगता है कि यह एक अभूतपूर्व उपलब्धि है. आप जानते हैं कि हरभजन सिंह वास्तव में एक बेहतरीन गेंदबाज थे, जिनके साथ मैंने काफी क्रिकेट खेला है. अश्विन का सिर्फ 80 टेस्ट मैचों में उनसे आगे निकलना एक अभूतपूर्व उपलब्धि है.’ हरभजन ने 103 टेस्ट में 417 विकेट लिए थे. द्रविड़ ने कहा कि तमिलनाडु के इस ऑफ स्पिनर गेंदबाज ने पिछले कुछ वर्षों में अपने खेल में और सुधार किया है. उन्होंने कहा, ‘उसकी गेंदबाजी और बेहतर होती जा रही है. वह उन लोगों में से एक है, जो खेल के बारे में सोचता रहता है, बदलाव करता रहता है और सुधार करता रहता है. यही कारण है कि उसे वह मिला है जहां वह आज है.’
11 ओवर के स्पेल से वापसी कराई
भारतीय कोच ने कहा, ‘अश्विन उन खिलाड़ियों में से है, जो भारत के मैच विजेता हैं. आज भी आपने इस मुश्किल विकेट पर इस बात को महसूस किया होगा. मैच के तीसरे दिन 11 ओवर के स्पेल में उन्होंने जिस तरह से हमारी वापसी कराई, वह बिल्कुल अभूतपूर्व था.’ उन्होंने कहा कि आज भी जिस तरह से उन्होंने हमें मैच में बनाए रखा, वह उनकी कौशल और क्षमता को दर्शाता है.


