राज्य सरकार का बड़ा फैसला, पेट्रोल में 4 रुपये और डीजल में 5 रुपये प्रति लीटर कम करने का किया ऐलान

जयपुर। पेट्रोल-डीजल के दाम को लेकर गहलोत सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर बताया कि – आज मंत्रिमण्डल की बैठक में पेट्रोल/डीजल पर वैट की दर को कम करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। इसके बाद आज रात्रि 12 बजे से पेट्रोल में 4 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल में 5 रुपये प्रति लीटर दरों में कमी हो जायेगी।इससे राज्य सरकार 3500 करोड़ रुपये वार्षिक राजस्व की हानि वहन करेगी। बता दें कि प्रतिदिन सुबह छह बजे पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। सुबह छह बजे से ही नई दरें लागू हो जाती हैं। पेट्रोल व डीजल के दाम में एक्साइज ड्यूटी,
डीलर कमीशन और अन्य चीजें जोड़ने के बाद इसका दाम लगभग दोगुना हो जाता है। इन्हीं मानकों के आधार पर पर पेट्रोल रेट और डीजल रेट रोज तय करने का काम तेल कंपनियां करती हैं। डीलर पेट्रोल पंप चलाने वाले लोग हैं। वे खुद को खुदरा कीमतों पर उपभोक्ताओं के अंत में करों और अपने स्वयं के मार्जिन जोड़ने के बाद पेट्रोल बेचते हैं। पेट्रोल रेट और डीजल रेट में यह कॉस्ट भी जुड़ती है।
मंगलवार की ये हैं दरें
पेट्रोल : 111.10 रुपए प्रति लीटर
डीजल : 95.71 रुपए प्रति लीटर
अब पेट्रोल 107 रुपए के आसपास और डीजल 90.50 रुपए प्रति लीटर के आसपास हो सकता है।
अन्य राज्यों से महंगा राजस्थान
राजस्थान पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनीत बगई ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल पर 5 और डीजल पर 10 रुपए कम करने के बाद अन्य राज्यों ने वैट कम किया। राजस्थान में वैट पर कटौती नहीं की गई। ऐसे में पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के मुकाबले पेट्रोल-डीजल पर 11 से 21 रुपए तक अधिक वसूला जा रहा है।
इसकी वजह से पेट्रोल पंप बंद होने की कगार पर हैं। कैबिनेट की बैठक में सरकार को 11% वैट कम कर पेट्रोलियम व्यापारियों को राहत देनी चाहिए। एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में कैबिनेट की मीटिंग से पहले दिए गए पत्र के बाद यह फैसला आ गया है।



