रवींद्र जडेजा की इस कोशिश ने जीता सबका दिल,हर कोई कर रहा तारीफ

नई दिल्ली. भारत ने जिस अंदाज में अफगानिस्तान (India Vs Afghanistan) को हराया इसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. टीम इंडिया को इस मैच में 66 रनों से धमाकेदार जीत मिली. ये एक ऐसी जीत थी जिसने विराट कोहली (Virat Kohli) की टीम के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को फिर से ज़िदा कर दिया. टीम इंडिया के शानदार ऑलराउंडर खेल के अलावा लोग रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की एक शानदार फील्डिंग की भी चर्चा कर रहे हैं. हालांकि इस कैच को तीसरे अंपायर ने नकार दिया, लेकिन इस कोशिश के लिए जडेजा की जितनी भी तारीफ की जाए वो कम है.
अफगानिस्तान के खिलाफ 19वें ओवर के दौरान मोहम्मद शमी गेंदबाज़ी के मोर्चे पर थे. उनका सामना कर रहे थे अफगानिस्तान के बल्लेबाज़ करीम जनात. इस ओवर की पहली गेंद पर शमी ने मोहम्मद नबी को आउट किया था. दूसरी गेंद को करीम ने मिड विकेट की दिशा में उछाल दिया. बाउंड्री पर खड़े जडेजा ने लंबी दौड़ लगाई. उन्होंने हवा में छलांग लगाते हुए कैच को पकड़ लिया. लेकिन तीसरे अंपायर ने इस कैच को नहीं माना. दरअसल स्लो मोशन में देखा गया कि गेंद हल्का सा मैदान को छू रही थी. करीम तो बच गए, लेकिन जडेजा ने जिस अंदाज़ में कैच लेने की कोशिश की उसकी हर तरफ तारीफ हो रही है.
जडेजा के दीवाने हुए पूर्व क्रिकेटर्स
इस शानदार प्रयास के लिए स्टूअर्ट ब्रॉड, सैम बिलिंग्स और डेल स्टेन जैसे विदेशी क्रिकेटर्स ने रवींद्र जडेजा की जमकर तारीफ की है. स्टूअर्ट ब्रॉड ने कहा कि उन्हें लगा कि वो आउट थे. साउथ अफ्रीका के तेज़ गेंदबाज़ डेल स्टेन ने लिखा कि ये थका हुआ फैसला था. उधर सैम बिलिंग्स ने भी लिखा कि उन्हें भी लगा कि वो आउट था.

